Site icon

एयरफोर्स ने हेलिकॉप्टर के जरिए युवक को रेस्क्यू किया; डैम में कूदा था, तेज बहाव में फंस गया

49

छत्तीसगढ़ में बिलासपुर के पास वायुसेना ने हेलिकॉप्टर के जरिए सोमवार को एक युवक का रेस्क्यू किया। युवक खूंटाघाट डैम के वेस्टवियर में कूदा था, तभी अचानक तेज बहाव में आकर फंस गया था। आरएएफ की तरफ से एयरफोर्स से मदद मांगी गई थी।बिलासपुर रेंज के आईजी दीपांशु काबरा ने बताया कि गिधौरी का रहने वाला जितेंद्र कश्यप (43) रविवार से छोटे से पेड़ से टिका हुआ था। आसपास लोगों की भीड़ उमड़ी थी। अंधेरा होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। रात में बिलासपुर से रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण युवक ठीक से नजर भी नहीं आ रहा था। एसपी प्रशांत अग्रवाल का कहना था कि रेस्क्यू टीम रविवार शाम से मौके पर थी, लेकिन बहाव बहुत तेज था। इसके चलते रेस्क्यू में दिक्कत हो रही थी।

युवक 14 घंटे से भी ज्यादा वक्त तक पेड़ के सहारे तेज बहाव में फंसा रहा। पुलिस का कहना है कि रविवार शाम जितेंद्र शराब के नशे में वेस्टवियर के तेज बहाव में कूद गया था। इससे बहकर वह चट्टानों के बीच मौजूद पेड़ के सहारे अटक गया।

युवक को रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पूरी रात ठंडे पानी के बहाव में रहने के कारण जितेंद्र की हालत बिगड़ चुकी है। इसके बावजूद मौत के मुंह से निकालने के बाद उसके चेहरे पर मुस्कुराहट नजर आई।

Exit mobile version