Site icon

13 फरवरी को जबलपुर से चलेगी पहली ‘आस्था स्पेशल ट्रेन’, जाएगी अयोध्या तक

train.jpg

जबलपुर
मध्य प्रदेश से अयोध्या के लिए पहली 'आस्था स्पेशल ट्रेन' का फाइनल शेड्यूल आ गया है. रेलवे बोर्ड ने जबलपुर से अयोध्या के लिए आस्था स्पेशल ट्रेन रवाना किए जाने को हरी झंडी दे दी है. ऐसे में 13 फरवरी को जबलपुर से अयोध्या के लिए पहली आस्था स्पेशल ट्रेन रवाना होगी. आस्था स्पेशल ट्रेन से अयोध्या आने-जाने, रुकने और खाने-पीने का खर्च प्रति व्यक्ति 1,450 रुपये रखा गया है.

रेल सूत्रों ने बताया कि 13 फरवरी को जबलपुर से दोपहर 2.30 बजे रवाना होकर यह ट्रेन इटारसी-भोपाल होते हुए अयोध्या जाएगी. आस्था स्पेशल ट्रेन के लिए रेलवे के नियमित बुकिंग काउंटर या आरक्षण काउंटर से टिकट नहीं मिलेगा, बल्कि आईआरसीटीसी से सीधे बल्क बुकिंग होगी. इसमें चयनित लोगों को ही स्थान मिलेगा. आस्था स्पेशल ट्रेन के लिए रेलवे द्वारा सुरक्षा और अन्य संसाधन मुहैया कराए जाएंगे.

इन स्टेशनों से होकर जाएगी आस्था स्पेशल ट्रेन
अयोध्या आस्था स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिसमें 20 स्लीपर और दो एसएलआर होंगे. बताया जा रहा है कि यह ट्रेन जबलपुर से दोपहर 2.30 बजे रवाना होकर श्रीधाम, नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी, नर्मदापुरम, भोपाल, बीना जंक्शन, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, गोविंदपुरी, फतेहपुर, प्रयागराज होते हुए अगले दिन 11.50 बजे अयोध्या पहुंचेगी.

बीजेपी हर वार्ड से कर रही है भक्तों का चयन
वापसी में यह ट्रेन अयोध्या से 15 फरवरी को रात 8.20 बजे चलकर अगले दिन 6.20 बजे जबलपुर पहुंचेगी. वहीं आस्था स्पेशल ट्रेन के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा हर वार्ड से भक्तों का चयन किया जा रहा है. मंडल और वार्ड स्तर पर यात्रियों का कोटा निर्धारित कर दिया गया है. इसके लिए पार्टी द्वारा एक कमेटी भी बनाई गई है, जो यात्रियों का चयन करने के साथ उनकी यात्रा का भी खास ख्याल रखेगी. यहां बताते चलें कि 22 जनवरी को भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा होने के बाद अब देश भर से श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंच रहे हैं.

Exit mobile version