Site icon

राजनांदगांव : पोर्टल से भुइयां गायब – रिकॉर्ड में नहीं दिख रहा जमीन का नक्शा, नामांतरण-रजिस्ट्री ठप

206_170721440065c20640139ed_01

जमीन के ऑनलाइन रिकार्ड के लिए बना भुइयां पोर्टल ठप पड़ गया है। करीब 25 दिन से पोर्टल से जमीन का नक्शा ही गायब हो गया है। इसके चलते सीमांकन, बंटवारा, रजिस्ट्री और नामांतरण जैसे काम ठप पड़ गए हैं। नक्शा नहीं निकलने से पटवारी भी परेशान हैं, वहीं लोगों को बार-बार चक्कर लगाना पड़ रहा है।

भुइयां पोर्टल एनआईसी के माध्यम से संचालित है। पोर्टल के माध्यम से नक्शा, खसरा औ बी 1 का ऑनलाइन रिकार्ड निकाला जाता है। ऑनलाइन रिकार्ड के आधार पर ही जमीनों के बंटवारा, रजिस्ट्री, सीमांकन सहित दूसरी प्रक्रिया पूरी होती है। लेकिन बीते कुछ समय से पोर्टल से नक्शा निकल ही नहीं रहा है। केवल खसरा और बी 1 ही पोर्टल में शो कर रहा। जबकि नक्शा पूरी तरह गायब है। इसकी वजह से पटवारी भी परेशान हो गए हैं। ऐसी स्थिति पूरे जिलेभर में बनी हुई है। एनआईसी के साफ्टवेयर में आई दिक्कत की जानकारी अफसरों को भी है। लेकिन रायपुर स्तर में ही इसका सुधार होना है।

नक्शा नहीं निकलने की वजह से ऐसी प्रक्रियाएं थमी हुई है। करीब एक माह पहले से भुइयां पोर्टल को अपडेट करने की प्रक्रिया चल रही है। इसी के चलते ऐसी दिक्कत आ रही है। नक्शा पूरी तरह से गायब हो गया है। वहीं कई खसरे भी विलोपित होने लगे हैं। ऐसी शिकायत भी सामने आ रही है। पोर्टल अपडेट करने की प्रक्रिया राज्य स्तर पर जारी है। जिससे कई तरह की परेशानी सामने आ रही है। जो खसरे और बी- 1 पोर्टल में शो करन रहे हैं, वह भी काफी मशक्कत के बाद सामने आ रहे हैं। इसमें सुधार कब तक होगा, इसे लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है। आवेदन लेकर रोजाना कार्यालयों का चक्कर काट रहे हैं।

सर्वर डाउन होने से रजिस्ट्री भी प्रभावित: दो दिनों से सर्वर की समस्या ने जमीनों की रजिस्ट्री भी प्रभावित कर दी है। रजिस्ट्री कार्यालय में नई साफ्टवेयर से रजिस्ट्री की शुरुआत की गई है। इसी बीच दो दिनों से सर्वर डाउन हो गया है। इसके चलते रजिस्ट्री के प्रकरण निबटाने में दिक्कत हो रही है। सोमवार को पूरे दिन सर्वर ने परेशान कर रखा, मंगलवार को भी यही स्थिति बनी रही। उप पंजीयक प्रियंका श्रीरंगे ने बताया कि सर्वर में आई दिक्कत की शिकायत की जा चुकी है। सर्वर ठीक होते ही रजिस्ट्री सामान्य हो जाएगी।

राशन कार्ड नवीनीकरण करने में भी सर्वर का रोड़ा इधर जिलेभर में इन दिनों राशन कार्ड नवीनीकरण की प्रक्रिया चल रही है। इसमें भी सर्वर बड़ी समस्या बनी हुई है। सर्वर डाउन होने के चलते करीब पांच दिनों से नवीनीकरण का काम भी अटक गया है। राशन कार्ड नवीनीकरण के लिए पहुंचने वाले लोगों को वापस लौटना पड़ रहा है। सर्वर की वजह से ही अब तक जिले में 50 फीसदी राशन कार्डों का भी नवीनीकरण नहीं हो रहा है। यहां भी लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। राशन दुकानों में लोगों की कतार लग रही है।

Exit mobile version