Site icon

कच्चा मकान ढहने से 8 साल के बच्चे की मौत, परिवार के सदस्य भी घायल

46

जशपुर- जिले के फरसाबहार में तेज बारिश की वजह से एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गुरुवार की दोपहर एक मकान ढह गया। इसके नीचे दबने की वजह 8 साल के मासूम की जान चली गई। बच्चे के घरवाले उसकी मां, दादी और पड़ोस की बच्ची भी हादसे में घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पिछले कुछ दिनों से यहां बारिश ने आम लोगों की जिंदगी को प्रभावित कर रखा है। देर रात से जारी बारिश की वजह से मकान पर भी असर पड़ा और भरभरा कर गिर गया।जब मकान गिरा तब बच्चा और उसकी मां अंदर ही मौजूद थे। घटना ग्राम पंचायत डुमरिया की है। सुखवासु पारा 27 साल के हरिराम का कच्चा मकान था।

हरिराम की मां, पत्नी दो बच्चे समेत 5 सदस्य हैं। हरिराम रोजी-रोटी की तलाश में शहर से बाहर गया है। हरिराम के बेटे तिलक राम की हादसे में मौत हो गई।हरिराम की पत्नी को गंभीर चोटें आने से फरसाबहार हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पड़ोस में रहने वाले धरमू राम की 9 साल की बेटी खुली का हाथ टूट गया। इसे भी अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना पर स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने जायजा लिया। जल्द ही परिवार को आर्थिक मदद मुहैया कराई जाएगी।

Exit mobile version