Site icon

पहली पत्नी होने के बाद भी दूसरी महिला से प्रेम विवाह किया था, उसी का हंसिये से गला काट दिया

59

बालोद – छत्तीसगढ़ के बालोद में एक युवक ने अपनी पत्नी का हंसिये से गला काटकर हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने आए अपने भाई पर भी वार किया। उसे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। युवक ने पहली पत्नी होने के बाद भी दूसरी महिला से प्रेम विवाह किया था। घरेलू विवाद में उसी की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

देवरी क्षेत्र के फरदफोड़ गांव निवासी वीरेंद्र ठाकुर शुक्रवार शाम करीब 6.30 बजे घर लौटा था। इस दौरान उसका अपनी दूसरी पत्नी सविता के साथ विवाद हो गया। बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि उसने हंसिया उठाकर अपनी पत्नी की गर्दन पर वार कर दिया। इस दौरान बीच बचाव करने के लिए पहुंचे अपने भाई पर भी हमला किया।

घटना के बाद आरोपी वीरेंद्र मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां वीरेंद्र की पत्नी की गंभीर हालत देख उसे रेफर किया जा रहा था, लेकिन इससे पहले उसने दम तोड़ दिया। जबकि वीरेंद्र के भाई का उपचार जारी है। पुलिस ने देर रात आरोपी वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि वीरेंद्र की पहली शादी विधि विधान से हुई थी। इसके बाद उसने दूसरी महिला से लव मैरिज कर ली। दूसरी पत्नी के साथ कई महीनों बाहर रहने के बाद उसे लेकर गांव लौट आया। गांव में बैठक कर वीरेंद्र ने दोनों पत्नियों के साथ रहना कबूल किया था, लेकिन इसके बाद से ही उसके घर में विवाद शुरू हो गया।

वीरेंद्र कुछ दिन पहले इसी विवाद के चलते जेल गया था। झगड़ा होने पर उसकी दूसरी पत्नी ने पुलिस में उसके खिलाफ शिकायत कर दी थी। बताया जा रहा है कि जेल से छूटने के बाद ही वह गुस्से में था। शुक्रवार शाम को फिर झगड़ा हुआ तो उसने गुस्से आकर महिला की हत्या कर दी और भाग निकला। फिलहाल, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है

Exit mobile version