Site icon

तीन दिन पहले दोस्त के साथ घर से निकला था शख्स, अब इस हाल में मिला शव

46

उत्तर प्रदेश सलेमपुर (देवरिया) – देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के रतनपुरा गढ़वा गांव के समीप गंडक नदी में कोतवाली क्षेत्र के इटहुआ चंदौली गांव के एक शख्स का शव मिला है। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोटमार्टम के लिए भेज दिया। इसकी खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। शुक्रवार को परिवार के लोगों ने कोतवाली पुलिस को दो नामजद युवकों पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। मामला को गंभीरता से लेते हुए पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के सूबेदार प्रसाद का बेटा बृजेश कुमार (32 वर्ष) गुरुवार सुबह गांव के अपने एक दोस्त के साथ सलेमपुर जाने की बात कहकर निकला था। जब देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोग परेशान हो गए। उसका मोबाइल नंबर बंद बता रहा था। उसके दोस्त से बृजेश के बारे में जानकारी ली तो उसने कुछ भी बताने से मना कर दिया। काफी कोशिश करने बाद शुक्रवार को परिवार के लोगों ने उसके गांव के दोस्त समेत एक नगर के युवक के नाम पर नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदगी दर्ज कर दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस की पूछताछ में बृजेश के दोस्त ने बताया कि सभी लोग बाजार से ठंडी बीयर लेकर नदावर बंधे पर चले गए थे। उसकी माने तो वहां बीयर पीने के बाद बृजेश कुमार ने नदी में छलांग लगा दिया। यह देख दोनों वहां से भाग निकले। शनिवार की सुबह युवक का शव लार थाना क्षेत्र के रतनपुरा गढ़वा गांव के समीप गंडक नदी में उतराता हुआ मिला।   प्रभारी कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि युवक के भाई की तहरीर पर शुक्रवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। साथ ही दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version