Site icon

CG : मेंड्राखुर्द में “हमर गांव हमर पानी’ महाभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय वृहद श्रमदान कार्यक्रम आयोजित, जल संरक्षण की ली गई शपथ

final logo copy

अम्बिकापुर, जिले में जल संवर्धन एवं जल संरक्षण को लेकर “हमर गांव हमर पानी” महाअभियान 31 मई 2025 तक सभी ग्राम पंचायतों में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत जल शपथ, जल सभा, जन जागरूकता रैली तथा श्रमदान जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
 इसी क्रम में आज जनपद पंचायत अंबिकापुर के ग्राम पंचायत मेंड्राखुर्द में जिला स्तरीय वृहद श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन अमृत सरोवर घाट के पास किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन ने मिलकर श्रमदान किया और जल संरक्षण की दिशा में अपना सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसौदिया, भारत सिंह सिसौदिया, जनपद अध्यक्ष विक्रम सोनपाकर, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी, मेंड्राखुर्द, ख़लिबा, डिगमा, कुल्हाड़ी एवं चाठीरमा ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
 कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसौदिया ने वर्षा जल संरक्षण हेतु वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए लोगों को जागरूक किया। उन्होंने “जल बचाओ, जीवन बचाओ” का आह्वान करते हुए सभी ग्रामीणों से जल प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
 इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल द्वारा जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। उन्होंने जल संकट की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल बचाने की ज़िम्मेदारी समाज के हर व्यक्ति की है। जल बचाने के लिए जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि,आप स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार और सगे-संबंधियों को भी जल संरक्षण के लिए प्रेरित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को जल संकट से बचाया जा सके।

Exit mobile version