राजनांदगांव/डोंगरगांव। स्टेट हाईवे चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का काम शुरूआत से ही विवादों में रहा है। अब संबंधित ठेकेदार के पुत्र के द्वारा पीडब्ल्यूडी के सडक़ निर्माण में लगे कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी तब सामने आयी जब संबंधित के विरूद्ध मांग को लेकर विभाग के सभी कर्मचारी और अधिकारी थाने पहुंचे। पीडि़त कर्मचारी चंद्रशेखर साहू ने बताया कि वह पीडब्ल्यूडी में मजदूर है जिसे उच्चाधिकारियों के निर्देश पर डामरीकरण के कार्य पर देखरेख करने निर्देशित किया गया था। जहां ठेकेदार के कर्मचारियों से डामर और लोड के विषय में पूछे जाने पर उक्त ठेकेदार के पुत्र ने गाली गलौज व मारपीट की। जिसकी लिखित शिकायत घटना 30 मई को थाने में की गई। वहीं घटना एक दिन बाद शनिवार को विभाग के आला अधिकारी भी थाने पहुंचे । ज्ञात हो कि ठेकेदार के उक्त पुत्र के द्वारा पूर्व में भी अभद्र व्यवहार किए जाने की बात थाने में मौजूद कर्मचारी कह रहे थे। इस मामले में थाना प्रभारी अवनीश कुमार का कहना है कि आवेदन देखने के बाद ही कुछ बता पाएंगे और मामले की जांच उपरांत कार्यवाही की जाएगी।
राजनांदगांव : सडक़ ठेकेदार के पुत्र द्वारा पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी के साथ हाथापाई

