Site icon

CG : सरगुजा 30 कोचिंग हेतु चयन परीक्षा संपन्न कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 548 विद्यार्थी हुए शामिल

final logo copy

अम्बिकापुर, जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को निशुल्क कोचिंग प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित “सरगुजा 30“ कोचिंग के लिए चयन परीक्षा का आयोजन आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस परीक्षा में जिले के विभिन्न विकासखंडों से कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के कुल 548 विद्यार्थी शामिल हुए।

 परीक्षा का आयोजन जिला मुख्यालय के निर्धारित परीक्षा केंद्रे पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से किया गया। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। प्रशासन की ओर से परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे।

 सरगुजा 30 कोचिंग का उद्देश्य जिले के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और बोर्ड परीक्षाओं में सफलता दिलाने के लिए गुणवत्तापूर्ण कोचिंग प्रदान करना है। इसके अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा निशुल्क मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जल्द जारी होगा परीक्षा परिणाम
जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार चयन परीक्षा का मूल्यांकन कार्य शीघ्र प्रारंभ कर दिया जाएगा और पात्र विद्यार्थियों की सूची निर्धारित समय सीमा में प्रकाशित की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को कोचिंग कक्षाएं 1 जुलाई से प्रारंभ की जाएंगी ताकि वे आगामी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकें।

अधिकारियों ने किया निरीक्षण
चयन परीक्षा के दौरान जिला स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और परीक्षा की सुचारु व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। “सरगुजा 30“ जिले के विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Exit mobile version