Site icon

पवित्र रमजान पर्व पर घर में इबादत करें मुस्लिम समुदाय – कलेक्टर

मुस्लिम समाज के पदाधिकारियों ने प्रशासन का सहयोग करने के लिए दी सहमति
कोविड-19 की सुरक्षा के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का सभी करेंगे पालन

राजनांदगांव 24 अप्रैल 2020। कलेक्टर श्री जयप्रकाश मौर्य ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में पवित्र रमजान पर्व के संबंध में मुस्लिम समाज के पदाधिकारियों की बैठक ली। श्री मौर्य ने कहा कि रमजान का महीना पवित्र रहता है। यह मुसलमानों के लिए बड़ी आस्था का पर्व है। उन्होंने कहा कि इस बार रमजान पर्व में घर में ही रहकर नमाज पढ़कर इबादत करें। मस्जिदों में केवल समुदाय के धर्म गुरू और पदाधिकारियों द्वारा ही नमाज पढ़ा जाएगा, लेकिन अधिकतम 5 लोगों को ही नमाज पढऩे की अनुमति होगी। श्री मौर्य ने कहा कि नमाज पढऩे के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूर करें तथा मस्जिदों में साफ-सफाई का भी पूरा ध्यान रखें। इसके लिए उन्होंने मुस्लिम समाज के सभी लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। इस पर मुस्लिम समुदाय के पदाधिकारियों ने भी सहमति दी। बैठक के दौरान वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी विकासखंडों के अनुविभागीय अधिकारियों और मुस्लिम समाज के पदाधिकारी भी जुड़े रहे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री ओंकार यदु, नगर निगम आयुक्त श्री चंद्रकांत कौशिक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी, एसडीएम राजनांदगांव श्री मुकेश रावटे, एडिशनल एसपी श्री गोरखनाथ बघेल एवं मुस्लिम समुदाय के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Exit mobile version