Site icon

कांग्रेस ने बजट को सराहा तो भाजपा ने निराशाजनक बताया

कांग्रेस ने बजट को सराहा तो भाजपा ने निराशाजनक बताया

राजनांदगांव। राज्य की भूपेश सरकार द्वारा पेश बजट को लेकर जिले में मिलीजुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कांग्रेस नेताओं ने बजट की सराहना की तो भाजपा ने इसे निराशाजनक बताया है। बजट में जिले को इस बार कोई खास सौगात नहीं मिली है। इसके बाद भी कांग्रेसी नेता बजट को सभी वर्गों के लिए हितकारी बता रहे हैं।

बेहद निराशाजनक बजटः तरुण भाजपा के शहर अध्यक्ष तरुण लहरवानी ने राज्य के बजट को बेहद निराशाजनक बताते हुए कहा कि बजट में छोटे व्यापारियों के लिए कोई राहत नहीं है। 60 वर्ष से अधिक आयु वाले किसान भाइयों के लिए पेंशन की घोषणा, महिलाओं के लिए वुमेन सेल, दैनिक मजदूर वर्ग के लिए सम्मानजनक आय, शिक्षित बेरोजगारों के लिए 2500 रु. के भत्ते की घोषणा नहीं की गई। छतीसगढ़ में कोरोना से हुई मौत से प्रभावित परिवारों के लिए कोई पैकेज नहीं दिया गया है। छतीसगढ़ के विकास को रोकने वाला बजट है।

महिलाओं की अनदेखीः गीता जिला पंचायत अध्यक्ष गीता घासी साहू ने कहा कि राज्य सरकार ने बजट में महिलाओं की अनदेखी की है। महिलाओं के लिए बजट में कोई प्रविधान नहीं रखा गया है। सड़क, शिक्षा, बिजली, पानी, इंफ्रास्ट्रक्चर व प्रौद्योगिक क्षेत्र में कुछ भी नहीं जा सका, जिससे बेरोजगारी की समस्या बढ़ेगी। छत्तीसगढ़ का आम बजट हर वर्ग के लिए निराशाजनक है। लोगों को जनहितकारी कामो में निराशा मिली है। शासन की योजनाएं का लाभ लोगों को नहीं मिल पाएगा।

वादों से मुकर रही सरकारः मोनू भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोनू बहादुर ने बजट को निराशाजनक और युवाओं को हतोत्साहित करने वाला बताया है। मोनू ने कहा कि सरकार शराबबंदी की बात करती थी। इसे लेकर कई बड़े वादे-दावे भी किए गए, लेकिन सरकार अपने वादे से भागती हुई नजर आ रही है। बेरोजगारों को दिए जाने वाले 2500 रुपये के भत्ते पर मुख्यमंत्री कुछ नहीं कहते। बिजली बिल की समस्या जस की तस बनी हुई है। हाफ बिजली बिल के वादे के विपरीत लोगों को इससे राहत नहीं मिल पा रही है। किसानों को खेत में सिंचाई के लिए भी बिजली बिल पर कोई रियायत नहीं मिल रही है। अलबत्ता दूसरों तरीकों से उन्हें लूटा जा रहा है। हजारों-लाख रुपये तक के बिजली बिल किसानों को थमाए जा रहे हैं।

बजट में संस्कारधानी को कुछ नहीं मिलाः किशुन नगर पालिक निगम के नेता प्रतिपक्ष किशन यदु ने बजट को हतोत्साहित करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े दावे करने वालों के बजट में संस्कारधानी का कोई हिस्सा ही नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने अपने कार्यकाल में राजनांदगांव जिले में बड़ी योजनाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर को तरजीह दी। उन्होंने विकास के नए आयाम गढ़े। भूपेश बघेल सरकार जनहित से परे स्वार्थ की राजनीति पर उतारु है और इस बजट के साथ ही उन्होंने यही साबित किया है। पहले ही लगभग आधा दर्जन सरकारी कार्यालयों को दुर्ग ले जाया गया। सीधे तौर पर यह बजट किसी तरह से हितकारी नहीं दिखता।

सपना दिखाने वाला बजटः कमल जिला भाजपा के सोशल मीडिया प्रभारी कमल सोनी ने कहा कि बजट सिर्फ गांव, गरीब, किसानों को सपना दिखाने वाले बजट है। बजट पूरी तरह से गुमराह करने वाला है। सोनी ने कहा कि पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। कांग्रेसी 15 साल के विकास कार्य को अपना बता कर उद्घाटन व सिर्फ फीता काटने का ही काम कर रहे हैं। जैसे कि राजनांदगांव शहर में अमृत मिशन के तहत शहरों में पेयजल विस्तार के लिए गली मोहल्लों में नल पाइप बिछाई जा रही है। कुछ वार्डों में पानी टंकी का भी निर्माण कार्य जारी है, जल यंत्र में जितने भी विकास कार्य व नया निर्माण हुए हैं सभी भाजपा की देन है। बजट में राजनांदगांव सहित प्रदेश में कोई बड़ा काम करने जिक्र नहीं है।

विकास में पीछे छोड़ने वाला बजटःराजेश भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता अग्रहरि ने भूपेश सरकार द्वारा पेश बजट को विकास में पीछे छोड़ने वाला बताया है। उन्होंने कहा कांग्रेस सरकार रिजर्व बैंक से कर्ज ले लेकर काम चला रही है। उस पर एक हजार 15 करोड़ की वृद्धि वाला बजट लाकर लोगों के सिर पर और कर्ज लाद दिया है। सरकार रोजगार व मानदेय बढ़ाने की दिशा में कुछ खास नहीं कर पाई। सड़क, शिक्षा, बिजली, पानी व प्रौद्योगिक क्षेत्र में कुछ भी नहीं किया जा सका। बजट में किसानों को ठगने का काम किया गया है, बेरोजगारों को कुछ नहीं मिला।

युवाओं को हतोत्साहित करने वाला बजटः मुकेश जपा शहर मंडल के मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा ने बजट को अबतक का सबसे निराशाजनक और युवाओं को हतोत्साहित करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के 10 लाख बेरोजगारों को 2500 रुपये प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था। लेकिन बजट में बेरोजगारी भत्ते, स्वरोजगार, कौशल विकास का जिक्र तक नहीं है। सरकार नें छत्तीसगढ़ के युवाओं को धोखा दिया है और बीते दो वर्षों का बेरोजगारी भत्ता जो लगभग छह हजार करोड़ से अधिक है, कि राशि दबाकर बैठी है।

सभी वर्गों के हित में बजटः तरुण

कांग्रेस नेता तरुण सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ विकास के लिए जो बजट प्रस्तुत किया, उस बजट में सभी वर्गों का विशेष ध्यान रखा गया है। वार्षिक बजट 2021-2022 में महिलाओं को बेहतर सुविधा देने के साथ-साथ तृतीय लिंग समुदाय, दिव्यांग, बुजुर्गों के स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विशेष प्राथमिक दी गई है। बजट में किसान, मजदूर, व्यापारी वर्ग का ध्यान रखा गया। बजट से किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। सरकार ने किसानों के हित में जोरदार बजट पेश किया है।

Exit mobile version