Site icon

राजनांदगांव : ग्राम टोलागांव के साप्ताहिक बाजार में जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी से ग्रामवासी हुए लाभान्वित

55 (2)

– जनसंपर्क विभाग के श्री आनंद सागर ने तत्परता से पहल करते हुए मोतियाबिंद के आपरेशन के लिए श्री धीरादास साहू की मदद की
– दूरदराज इलाकों तक शासकीय योजनाओं की जानकारी लेकर जाना अच्छी पहल
– संबल पुस्तिका के लिए जनसामान्य ने जनसंपर्क विभाग को कहा शुक्रिया
राजनांदगांव 14 मार्च 2021। राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम टोलागांव में आयोजित साप्ताहिक बाजार में जनसंपर्क विभाग द्वारा फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। जहां जनसामान्य को शासकीय योजनाओं की जानकारी के साथ ही प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण किया गया। ग्राम टोलागांव के निवासी श्री धीरादास साहू जिन्हें मोतियाबिंद है, उन्होंने जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी देखी और डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना को देखा। उन्होंने पूछा कि क्या मेरा इस योजना के अंतर्गत इलाज होगा, इस पर तत्परता से पहल करते हुए जनसंपर्क विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 श्री आनंद सागर चतुर्वेदी ने हेल्पलाईन टोल फ्री नंबर 104 पर फोन करके बात की और बताया कि डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत उनका नि:शुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। जिससे वह अत्यधिक प्रसन्न हुए और जाते समय शासन का धन्यवाद व्यक्त करते हुए गए। किसान श्री मुकंद दास साहू ने बताया कि पहले मुझे डॉक्टर खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी नहीं थी इसलिए पहले मैंने अपनी राशि से अपनी आंखों का इलाज करवाया था। लेकिन इसके बाद जब मुझे इस योजना के बारे जानकारी मिली, तो मैंने दूसरी आंखों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन इसी योजना के अंतर्गत करवाया है, मुझे यह योजना बहुत अच्छी लगी।

ग्राम टोलागांव निवासी श्री मेहता राम गुंड ने बताया कि जनसंपर्क विभाग के माध्यम से  हमें विस्तार से योजनाओं की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि अब हम जिला मुख्यालय से जाकर संबंधित विभाग से इस योजनाओं का लाभ लेंगे क्योंकि अब तक हमें यह ज्ञात नहीं था कि कौन सी योजना किस विभाग से संबंधित है लेकिन जनसंपर्क विभाग की इस फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से हमें ज्ञात हुआ कि कौन-कौन सी योजना किस विभाग से संबंधित है। फोटो प्रदर्शनी देखने आए टोलागांव के किसान श्री रेकादास साहू ने कहा कि जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी से अब मुझे विभिन्न योजनाओं के बारे में पता चला है और अब मैं इन योजनाओं का लाभ लूंगा। सेवानिवृत्त शिक्षक श्री बीरबल दास गोंड ने फोटो प्रदर्शनी देखकर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि दूरदराज इलाकों तक शासकीय योजनाओं की जानकारी लेकर जाना बहुत अच्छी पहल है। इससे लोगों को बड़ा लाभ होगा और ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदलेगी तथा लोगों का विकास होगा।
शासकीय योजनाओं की जानकारी पर आधारित किताब संबल के नि:शुल्क वितरण के लिए छत्तीसगढ़ शासन और जनसंपर्क विभाग को जनसामान्य ने शुक्रिया कहा-
संबल पुस्तक नागरिकों के लिए बहुत उपयोगी एवं लाभदायक है। सभी ने संबल पुस्तक की बहुत सराहना की इसमें सभी योजनाओं को विस्तार में बताया गया है। जनसामान्य ने कहा कि यह पुस्तक शासन की योजनाओं पर आधारित सबसे अच्छी पुस्तक है। संबल किताब के लिए जनसामान्य ने छत्तीसगढ़ शासन और जनसंपर्क विभाग को नि:शुल्क वितरण करने के लिए शुक्रिया कहा।

Exit mobile version