Site icon

इंटरनेट मीडिया पर कांग्रेस प्रवक्ता का अश्लील आडियो वायरल, मचा बवाल

20

खैरागढ़ । जिला कांग्रेस कमेटी के एक पदाधिकारी का कथित विवादित आडियो इंटरनेट मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। इससे बवाल मच गया है। आडियो में उक्त कांग्रेस नेता फोन पर बातचीत के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधायक का नाम लेकर गाली दे रहे हैं। मामला प्रकाश में आते ही भाजपा संगठन आक्रोशित है। बुधवार को शहर भाजपा ने थाने पहुंच कर पुलिस से मामले की लिखित शिकायत की। भाजपा ने वायरल कथित आडियो मैसेज को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं संगठन की छवि धूमिल करने का षड्यंत्र बताया है और जांच करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि किसी अन्य मामले में भाजपा नेता का नाम जर्बदस्ती घसीटकर उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश करने वाले जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनुराग तुरे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

शहर भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने थाने में की गई शिकायत में कहा है कि 17 मार्च 2021 को उन्हें इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के वाट्सअप में वायरल एक आडियो मैसेज मिला। इसमें जिला कांग्रेस के स्थानीय नेता की किसी दूसरे व्यक्ति से पैसे के लेन-देन को लेकर बातचीत हो रही है। उक्त नेता भाजपा के पूर्व जनप्रतिनिधि और भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करने वाले वरिष्ठ नेता को लेकर अश्लील गाली-गलौच कर रहे हैं। शिकायत में यह भी बताया है कि कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि जब अपनी औकात में आऊंगा, वो भी तुझे नहीं बचा पाएंगे। भाजपा शहर मंडल ने शिकायत में कहा है कि उन दो व्यक्तियों से उनके वरिष्ठ नेता का कोई संबंध नहीं है। उनकी कभी भी किसी प्रकार की लेनदेन नहीं हुई है। जबरदस्ती उनको बीच में लाकर छवि धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिपं सभापति घम्मन साहू, रामाधार रजक, प्रकाश सिंह, विकेश गुप्ता, नित्यप्रकाश सिंह, सूर्यदमन सिंह, आशीष सिंह, कमलेश कोठले, विनय देवांगन, आयष सिंह, आलोक श्रीवास, चंद्रशेखर यादव व अन्य मौजूद रहे।

Exit mobile version