Site icon

संक्रमण से निपटने जल्द ही शुरू होगा निश्शुल्क कोविड आइसोलेशन

संक्रमण से निपटने जल्द ही शुरू होगा निश्शुल्क कोविड आइसोलेशन

राजनांदगांव । कोरोना के बढ़ते संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। संक्रमितों के साथ मरने वालों की संख्या दिन ब दिन बढ़ती जा रही है। नगर की सेवाभावी संस्था उदयाचल व शांति विजय सेवा समिति के संयुक्त तत्वावघान में महामारी की दिन-प्रतिदिन बढ़ रही भयावह स्थिति से निपटने के लिए 10 अप्रैल तक लगभग 150 बिस्तरों का अस्थाई निश्शुल्क कोविड आइसोलेशन सेंटर गंजलाइन बाबारामदेव मंदिर रोड पर स्थित उदयाचल भवन-प्रांगण में प्राथमिक तैयारियां आंतरिक व्यवस्थाओं के साथ युद्धस्तर पर जारी है।

संस्था ने संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए गतवर्ष के अपने ही 100 बिस्तरों की व्यवस्था को बढ़ाकर 150 बिस्तरों का कोविड आइसोलेशन सेंटर 10 अप्रैल से शुरू करने का लक्ष्‌य बनाकर व्यवस्थाओं को मूर्तरूप दे रहा है। संस्था के पदाधिकारी व सदस्यगण स्थानीय जिला प्रशासन स्वास्थ्य विभाग एवं निगम प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रहे हैं। गौरतलब है कि इस आइसोलेशन सेंटर में पूर्व से गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों की भर्ती नहीं होगी। पुरुष-महिला मरीजों को अलग-अलग रखा जाएगा। जिन्हें भर्ती होने के पूर्व एक प्रपत्र भरना होगा। इसके नियमों का अक्षरशः पालन भी करना होगा। मरीजों को पूरी भर्ती अवधि तक कोविड गाइड लाइन के अनुसार निश्शुल्क नाश्ता-भोजन दवाई आदि दिया जाएगा। भर्ती होने के समय ही प्रत्येक मरीजों को एक थैले में आक्सीमीटर-थर्मामीटर व भाप मशीन भी निश्शुल्क दिया जायगा। उदयाचल संस्था संरक्षक पद्मश्री डा. पुखराज बाफना, उत्तमचंद बैद, अध्यक्ष प्रकाश श्रीश्रीमाल, सचिव संजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अशोक मोदी व अन्य तथा श्री शांति विजय सेवा समिति के अध्यक्ष पवन चौरडिय़ा, पूर्व अध्यक्ष भावेश बैद, राजेंद्र बाफना, सोनू ललवानी, दीपक गिडिय़ा के मार्गदर्शन में पूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Exit mobile version