Site icon

कोरोना जांच में गलत पता व मोबाइल नंबर देने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई

12

राजनांदगांव । कोरोना के कहर का डर हर लोगों में बढ़ गया है। इसी डर की वजह से कई लोग कोरोना जांच के दौरान गलत पता और मोबाइल नंबर गलत बता रहे हैं। ऐसे लोगों के पाजिटिव आने के बाद उन्हें ट्रेस करने में मेडिकल टीम को परेशान होना पड़ रहा है। कलेक्टर टीके वर्मा ने ऐसे लोगों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ताकि लोग जांच के दौरान सही पता व नंबर दें। जिससे उन्हें ट्रेस करने में दिक्कत ना हो और संक्रमितों होने पर उनका इलाज समय पर हो सके।

शहर के दिग्विजय स्टेडियम स्थित डिस्ट्रिक वार रूम में शनिवार को कलेक्टर ने कोविड-19 की समीक्षा बैठक ली, जिसमें उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना के अधिक केस आ रहे हैं। वहीं मृत्यु दर भी बढ़ी है। ऐसे समय में मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एएनएम हर घर जाकर सर्दी-खांसी व बुखार के लक्षण वाले मरीजों की जानकारी लेकर उनका कोरोना टेस्ट कराएं। गांवों में सरपंच व सचिव मुनादी कराकर कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने लोगों को जागरूक करें। जिन घरों में संक्रमित मरीज है, वहां के लोग बाहर ना निकले। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना सेंपल देते समय कई लोग संक्रमण के डर से अपना नाम और पता गलत बता रहे हैं। मोबाइल फोन का नंबर भी गलत दे रहे हैं। अगर इन लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पाजिटिव आयी तो उन्हें ट्रेस करना मुश्किल है। वहीं उन लोगों को इलाज भी नहीं मिल पाएगा। इससे संक्रमण बढ़ने की संभावना और बढ़ सकती है। इसलिए गलत जानकारी देने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version