Site icon

ठगड़ा बांध का आइलैंड बनेगा आकर्षण का केंद्र

21

दुर्ग। दुर्ग भिलाई के मध्य स्थित 65 एकड़ के ठगड़ा बांध को एक भव्य एवं समग्र पिकनिक स्पाट के रूप में विकसित करने के लिए पहल छह माह पूर्व विधायक अरुण वोरा द्वारा की गई थी।

शासन द्वारा 14 करोड़ की राशि स्वीकृत करवाकर नवंबर में कार्य का भूमिपूजन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा करवा कर कार्य प्रारंभ कराया गया था। जहां फूड कोर्ट, चिल्ड्रन पार्क, साइकिल एवं रनिंग ट्रैक के साथ ही सुंदर आइलैंड आकर्षण का केंद्र रहेगा।

ठगड़ा बांध के पुर्नरुद्घार के साथ ही आस पास के वार्डों में ग्राउंड वाटर लेवल बढ़ाने के लिए रिटर्निंग वाल बनाने का कार्य जारी है। इसके निरीक्षण को विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल, आयुक्त व निगम अधिकारियों के साथ पहुंचे।

उन्होंने कहा कि दुर्ग भिलाई के आकर्षण के केंद्र के रूप में आमोद प्रमोद का केंद्र विकसित करवाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। इसमें कार्य की सतत मानीटरिंग, गुणवत्ता एवं समय सीमा का ध्यान रखना आवश्यक है। विधायक ने कहा कि बरसात के पूर्व गहरीकरण का कार्य नहीं करवाने से प्रोजेक्ट में अनावश्यक विलंब हो सकता है। ठेका एजेंसी को कार्य के निष्पादन के अनुरूप ही भुगतान किया जाए।

उन्होंने कहा कि शासन द्वारा पिकनिक स्पाट के लिए मिली राशि का सदुपयोग होना चाहिए व सुंदरीकरण को पहली प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करवाया जाए। अधिकारियों ने बताया कि अब तक तीन करोड़ के कार्य कराए जा चुके हैं अगले चरण में बरसात पूर्व ही आइलैंड एवं गहरीकरण का कार्य शुरू कराया जा रहा है।

महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि बांध के विकसित हो जाने के बाद दुर्ग भिलाई की जनता को स्वास्थ्य लाभ मिलने के साथ ही परिवार के साथ समय बिताने के लिए भी एक बेहतर विकल्प मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद राजेश शर्मा, नंदू महोबिया, एल्डरमैन अंशुल पांडेय, सुमित वोरा, संदीप वोरा निगम के कार्यपालन अभियंता मोहनपुरी गोस्वामी, उप अभियंता आरके पालिया मौजूद थे।

Exit mobile version