Site icon

राजनीतिक-आर्थिक संसाधनों का बेजा इस्तेमाल करके भी मात खा गए

16

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई ने असम और पुडुचेरी में भाजपा की सत्ता में शानदार वापसी और बंगाल में पार्टी के जबर्दस्त प्रदर्शन पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की है। प्रदेश भाजपा नेताओं ने कहा कि असम की जनता ने भाजपा के सुशासन और नेशनल रजिस्टर आफ सिटीजन (एनआरसी) के मुद्दे पर भाजपा के संकल्प पर जनादेश देकर अपनी सहमति की मुहर लगाई है।

पुडुचेरी में जनता ने भाजपा गठबंधन के विकास और सुशासन पर फिर विश्वास व्यक्त किया है। इसी तरह बंगाल में भाजपा का शानदार राजनीतिक प्रदर्शन भविष्य की राजनीति का संकेत कर रहा है, जहां भाजपा ने एक बड़ी छलांग लगाकर राष्ट्रवादी राजनीति की एक बड़ी लकीर खींचने में सफलता अर्जित की है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि एनआरसी का मुद्दा असम की राजनीति का बड़ा मुद्दा रहा है। भाजपा ने संकल्प व्यक्त किया है कि असम के नतीजे आते ही बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकाला जाएगा। साय ने असम चुनाव नतीजों को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की राजनीतिक सूझबूझ पर एक बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा करने वाला बताया है।

राजनीतिक-आर्थिक संसाधनों का बेजा इस्तेमाल करके भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मात खा गए। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. रमन सिंह ने कहा कि असम के चुनाव नतीजों से मुख्यमंत्री बघेल के चुनावी प्रबंध कौशल के ढोल की पोल खुल गई है। बघेल ने जितने भी दावे किए थे, वे तो हवा हुए ही, पांच गारंटी देकर असम के मतदाताओं को भ्रमित करने की कोशिश भी नाकाम साबित हुई। भाजपा ने जीत हासिल की है। अब जनता की सरकार है।

Exit mobile version