Site icon

शराब की होम डिलीवरी, पहले दिन 1400 आर्डर पर 65 डिलीवरी

शराब की होम डिलीवरी, पहले दिन 1400 आर्डर पर 65 डिलीवरी

राजनांदगांव। लाकडाउन के एक माह के बाद जिले में शराब की होम डिलीवरी की सुविधा सोमवार से शुरू की गई, लेकिन पहले ही दिन सर्वर ने शराब के शौकीन लोगों को जमकर रूलाया। सर्वर डाउन होने के कारण शौकीन लोग शराब की होम डिलीवरी के लिए आर्डर ही नहीं कर पाए।

वहीं कई शौकीनों तक आर्डर करने के बाद भी डिलीवरी नहीं हो सकी। इसको लेकर शराब के शौकीन लोग काफी परेशान हुए। बताया गया कि दिनभर में जिले के करीब 14 सौ शराब के शौकीनों ने आनलाइन आर्डर के लिए रजिस्ट्रेशन किया, लेकिन केवल 80 लोग ही आनलाइन पेमेंट कर पाए, जिसमें से 65 लोगों के घरों तक शराब पहुंचाई गई।

शराब की होम डिलीवरी में पहले दिन जिले में 90 हजार रुपये की शराब बिक्री ही हुई है।

दिनभर सर्वर रहा फेल

होम डिलीवरी के लिए ऑनलाइन पोर्टल का सर्वर दिनभर डाउन रहा। एक बार में कोई भी ऑनलाइन आर्डर नहीं कर पाया। सर्वर की वजह से शौकीन लोगों को दिनभर माथापच्ची करनी पड़ी। सरकारी सीएसएमसीएल वेबसाइड ओर एप में लोगों ने घंटों समय बिताया, तब जाकर आर्डर कर पाए। लेकिन आनलाइन पेमेंट की वजह से भी लोगों को आर्डर करने में दिक्कतें हुई।

दोपहर साढ़े तीन बजे के बाद सर्वर में आयी तकनीकी दिक्कत सुधरी, जिसके बाद लोगों ने लगातार आर्डर किए। बताया गया कि सोमवार को 14 सौ लोगों ने आर्डर करने रजिस्ट्रेशन किया है, लेकिन आनलाइन पेमेंट केवल 80 लोग कर पाए।

आनलाइन पेमेंट के चक्कर में आर्डर कैंसल

शराब की होम डिलीवरी के लिए इस बार सरकार ऑनलाइन पेमेंट तक ले रही है। इसके कारण भी कई शौकीन लोग शराब नहीं ले सकें। इनके आर्डर भी केंसल हो गए। सरकार ने इस बार शराब की कीमतों के साथ डिलीवरी शुल्क भी बढ़ा दिया है।

आर्डर करने वालों को डिलीवरी शुल्क के रूप में 118 रुपये अतिरिक्त देना पड़ रहा है। इसके चलते भी कई लोग आनलाइन पेमेंट नहीं कर पाए। जिसके कारण छह सौ से अधिक आर्डर केंसल भी किए गए। कई लोगों के बैंक खाते से राशि कटने के बाद भी शराब की डिलीवरी नहीं हो पायी है।

सहायक आबकारी आयुक्त नवीन प्रताप सिंह तोमर ने कहा कि आनलाइन पोर्टल में तकनीकी दिक्कत थी। अब सुधर गई है। दिनभर में 1400 ग्राहकों ने रजिस्ट्रेशन किया हैं। इसमें से 80 लोगों ने ऑनलाइन पेमेंट किया, जिसमें से 65 ग्राहकों तक होम डिलीवरी भी की जा चुकी है। बचे लोगों तक मंगलवार को डिलीवरी हो जाएगी।

किशुन नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु ने भूपेश सरकार पर आनलाइन शराब बिक्री के माध्यम से घर-घर मौत परोसने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भीषण महामारी काल मे प्रत्येक व्यक्ति की जान बचाने की विश्वव्यापी मुहिम चल रही है।

वहीं भूपेश सरकार घर पहुंच शराब सेवा के माध्यम से मौत को घर -घर पहुंचा रही है। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करते हुए कि वह अपना ध्यान लोगों के बेहतर स्वास्थ्य पर लगाए।

Exit mobile version