– वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से करें उपयोग
– सभी शासकीय कर्मचारी वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से करें उपयोग
– यातायात नियमों का करें पालन
– दुर्घटनाजन्य स्थलों का चिहांकन कर आवश्यक सुधार कार्य करवाने के दिए निर्देश
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग में दुर्घटनाजन्य स्थलों का चिहांकन करने तथा आवश्यक सुधार कार्य करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटनाजन्य स्थानों में स्पीड ब्रेकर, साईन बोर्ड, हाईमास्ट लाईट लगाने के लिए कहा। सड़क दुर्घटना की रोकथाम के लिए यह जरूरी है कि हम सभी अपने जीवन को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सावधानी रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें। कलेक्टर ने कहा कि सभी शासकीय कर्मचारी वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से उपयोग करेंगे। कार चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करेंगे। उन्होंने यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों पर चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटनाजन्य स्थान के संबंध में जानकारी ली तथा नगर निगम क्षेत्र के ऐसे स्थान जहां अंधेरा है, वहां लाईट की व्यवस्था करने कहा। साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी एवं जागरूकता के लिए कहा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक ने राष्ट्रीय राजमार्ग, राजकीय एवं अन्य मार्ग में चिन्हांकित दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों के संबंध में जानकरी प्रदान की। उन्होंने चिखली फ्लाई ओव्हर, गठुला नाला, अम्बेडकर चौक, रेंगाकठेरा, बुंदेलीकला, माँ बंजारी मंदिर चौक जैसे स्थानों में दुर्घटनाजन्य स्थलों के संबंध में बताया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा एवं डीएसपी तनुप्रिया ठाकुर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राजनांदगांव : जीवन को सुरक्षित रखने के लिए वाहन चलाते समय रखें आवश्यक सावधानी : कलेक्टर

