Site icon

Rajnandgaon : जगन्नाथ मंदिर में आज वार्षिक उत्सव पूरी श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा…

2_1770035384698098b82f18e_8da2f3fcb03a4

पत्थलगांव विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत तमता स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर में आज 3 फरवरी, मंगलवार को वार्षिक उत्सव पूरी श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।

मंदिर समिति के प्रमुख सदस्य गोविंद प्रसाद अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। विद्वान पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य हवन-पूजन संपन्न होगा। धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। तमता का जगन्नाथ मंदिर न केवल ग्राम पंचायत बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। पत्थलगांव मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह मंदिर अपनी भव्यता, स्वच्छ परिसर और धार्मिक गरिमा के लिए जाना जाता है। यह मंदिर ग्रामीणों और भक्तों के जनसहयोग से निर्मित एवं विकसित हुआ है, जो सामूहिक आस्था और सहयोग का प्रतीक है। मंदिर परिसर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित हैं, जिनके दर्शन के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं। मुख्य मंदिर के साथ-साथ मां दुर्गा और मां लक्ष्मी के सुंदर मंदिर भी परिसर में स्थित हैं, जो भक्तों की श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं।

तमता के जगन्नाथ मंदिर की रथयात्रा को पूरे क्षेत्र में विशेष मान्यता प्राप्त है। आषाढ़ मास में रथ पूर्णिमा के अवसर पर पूरे क्षेत्र में सबसे पहले भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा तमता से ही निकाली जाती है। इसके बाद ही आसपास के अन्य गांवों में रथयात्राओं का क्रम शुरू होता है। तमता की रथयात्रा के बाद लगभग एक माह तक क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आयोजित की जाती है। रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को सुसज्जित रथ में विराजमान कर पूरे गांव का भ्रमण कराया जाता है। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। गांव में मेले जैसा माहौल बन जाता है, जहां भक्ति, आस्था और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। वर्तमान में वार्षिक उत्सव को लेकर पूरे तमता गांव में उत्साह और उल्लास का माहौल है। मंदिर समिति ने अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करें।

Exit mobile version