Site icon

मांगों को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे 40 गांवों के सरपंच

मांगों को लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे 40 गांवों के सरपंच

राजनांदगांव । डोंगरगांव ब्लाक सरपंच संघ ने बुधवार को कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंचकर विभिन्ना मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रदेश सरपंच संघ के बैनर तले जिले के डोंगरगांव ब्लाक के अंतर्गत आने वाले लगभग 40 गांवों के सरपंच इस दौरान मौजूद थे।

सरपंच संघ के अध्यक्ष टीकाराम सोनकर के नेतृत्व में पहुंचे सरपंचों ने कहा कि महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत किए गए निर्माण कार्यों की राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है। निकट भविष्य में मनरेगा की 50 फीसद राशि का अग्रिम भुगतान करने, मनरेगा और अन्य मद से कराए जाने वाले निर्माण कार्र्यों के लिए पूर्व में जारी किए गए एसओआर को संशोधित कर वर्तमान समय अनुसार एसओआर दर पर कार्य का भुगतान करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने सरपंचों का मानदेय दो हजार रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह देने की मांग की।

अपनी विभिन्ना मांगों को लेकर कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंचे सरपंचों ने कहा कि निर्माण की लागत वर्तमान समय में काफी बढ़ गई है। ईंट, रेत, सरिया, सीमेंट के दाम बढ़े हुए हैं। ऐसे में पुरानी दर पर कार्य किया जाना संभव नहीं है। सरपंच अनीता चंद्राकर ने बताया कि समय पर निर्माण कार्यों का भुगतान नहीं होने की वजह से भी सरपंचों को आर्थिक समस्या से जूझना पड़ रहा है। ज्ञापन में सरपंच संघ ने 15वें वित्त की राशि में अनावश्यक प्रतिबंध को हटाकर सरलीकरण करने की मांग भी की। संघ ने अपनी कलेक्टर के नाम अतिरिक्त कलेक्टर सीएल मारकंडे को ज्ञापन सौंपा। इस पर मारकंडे ने कहा कि सरपंचों की मांग शासन स्तर की है। कलेक्टर के माध्यम से उनका ज्ञापन शासन स्तर पर भेजा जाएगा।

blob:https://www.naidunia.com/890c3981-866b-4a88-bc5b-7c4aca5bf259

Exit mobile version