Site icon

CG : कानून जानेंगे स्टूडेंट्स, पुलिस चौकी का कराया गया शैक्षणिक भ्रमण…

01

कोरबा । जिले के मानिकपुर क्षेत्र स्थित बीकन स्कूल के छात्र-छात्राओं ने मानिकपुर पुलिस चौकी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस व्यवस्था और उसकी कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को चौकी के दैनिक कार्यों और संचालन के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को समझाया कि अपराध या आपातकालीन स्थितियों में पुलिस कैसे कार्य करती है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सदैव तत्पर रहती है। उन्हें शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, गश्त व्यवस्था, अपराधों की जांच और कानून व्यवस्था बनाए रखने के विभिन्न पहलुओं के बारे में सरल भाषा में बताया गया।

मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने छात्रों को सलाह दी कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या परेशानी की स्थिति में वे बिना किसी झिझक के पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, सड़क सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के महत्व के प्रति भी जागरूक किया। छात्रों ने पुलिस चौकी के विभिन्न विभागों का अवलोकन किया और पुलिस अधिकारियों से कई प्रश्न पूछे। अधिकारियों ने मित्रवत ढंग से उनके सवालों के जवाब दिए, जिससे बच्चों में पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हुई और उनका उत्साह बढ़ा।

Exit mobile version