Site icon

CG : खपरी की बेटी का कमाल : सीखी ड्राइविंग, अब दे रही हैं प्रशिक्षण …

CG: Another murder incident in Mandir

धमतरी । ग्राम खपरी की निवासी यामिनी साहू आज अपने क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण की एक प्रेरक मिसाल बनकर उभरी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर आत्मनिर्भरता की नई पहचान स्थापित की है।

जिला प्रशासन एवं ‘प्रथम’ संस्था के संयुक्त सहयोग से आयोजित स्कूटी प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर यामिनी ने सफलतापूर्वक ड्राइविंग कौशल सीखा। यह प्रशिक्षण उनके जीवन में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने न केवल स्कूटी चलाना सीखा, बल्कि आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी विकास किया।

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद यामिनी ने केवल स्वयं तक ही सीमित न रहकर अपने गांव एवं आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को सशक्त बनाने का बीड़ा उठाया। वर्तमान में वे महिलाओं को स्कूटी चलाने का प्रशिक्षण दे रही हैं, साथ ही उन्हें जागरूक कर रही हैं कि वे भी आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर सकती हैं। उनके प्रयासों से कई महिलाएं अब घर की सीमाओं से बाहर निकलकर आत्मविश्वास के साथ नए अवसरों की ओर बढ़ रही हैं।

पिछले महीने मार्च में यामिनी ने ₹32,000 में सेकंड हैंड होंडा ग्राज़िया स्कूटी खरीदकर अपने सपनों को और मजबूती दी। इस स्कूटी के माध्यम से वे प्रशिक्षण कार्य संचालित कर रही हैं, साथ ही इसे आय के एक स्थायी साधन के रूप में विकसित कर रही हैं। उनके इस नवाचार ने उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाया है और अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना है। यामिनी साहू की यह पहल न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह सामुदायिक परिवर्तन का एक सशक्त उदाहरण भी है। उनके प्रयासों से ग्रामीण महिलाओं में आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और जागरूकता का विस्तार हो रहा है।

Exit mobile version