Site icon

चोरी के आरोप से परेशान पिता ने पूरे परिवार के साथ खाया जहर, हालत गंभीर

चोरी के आरोप से परेशान पिता ने पूरे परिवार के साथ खाया जहर, हालत गंभीर

धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां के भखारा थाना (Bhakhara police station) क्षेत्र स्थित जुगड़ेही गांव में एक व्यक्ति ने अपने पूरे परिवार के साथ जहर पीकर जान देने की कोशिश की है. इससे सभी लोगों की हालत गंभीर हो गई है. वहीं, इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है. फिलहाल, सभी बीमार लोगों को धमतरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इलाज जारी है.

पीड़ित परिवार की बेटी दामिनी (Damini) ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव में चोरी हुई थी, जिसकी रिपोर्ट भखारा थाने में की गई थी. और पुलिस इस मामले की तफ्तीश कर रही थी. इसी बीच गांव के ही लोगों ने दिलीप यादव पर चोरी का शक जताया था, जिस पर गांव में एक बैठक भी बुलाई गई थी. बैठक में दिलीप यादव से पूछताछ की गई थी. इसी सिलसिले में भखारा पुलिस ने दिलीप यादव को उठाया था और थाना ले जाकर पूछताछ की थी. लेकिन बाद में छोड़ भी दिया था. पुलिस पूछताछ से दिलीप यादव तनाव में आ गए थे और 19 जुलाई को उसने पत्नी, दो बेटी और दो बेटो के साथ जहर पीकर जान देने की कोशिश की.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
दिलीप यादव की बेटी दामिनी यादव ने बताया कि सभी उसके पिता को चोर समझ रहे थे, जिससे पिता काफी परेशान हो गए थे. इसलिए उन्होंने खुदकुशी करने का प्रयास किया. इस मामले में धमतरी एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि दिलीप को सिर्फ पूछताछ के लिए बुलाया गया था. किसी तरह का जुर्म उस पर दर्ज नहीं किया गया है. बहरहाल इस घटना के बाद धमतरी जिले में खलबली मची हुई है. वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है

Exit mobile version