Site icon

खुज्जी विधानसभा में बिजली कंपनी का ऐसा अमानवीय व्यवहार क्यों

logo Deep Jagriti

शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति के लिए यदि ग्रामीण क्षेत्रों में जानबूझकर पावर कट कर सप्लाई रोकी गई तो इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि ऐसा हुआ तो मैं फिर किसानों व ग्रामीणों को लेकर सड़क पर आउंगी और इसके लिए केवल आप अफसर ही जिम्मेदार होंगे।

सप्ताह भर से चल रहे पावर कट व लो वोल्टेज से परेशान क्षेत्रवासियों ने जब खुज्जी विधायक छन्नी चंदू साहू को अपनी पीड़ा बताई तो विधायक ने मंगलवार को बिजली कंपनी के ईडी को मोबाइल पर कहा कि यदि शहरी क्षेत्रों में बिजली बहाली के लिए यदि जानबूझकर अंबागढ़ चौकी व छुरिया ब्लाॅक में सप्लाई रोका गया तो वे परिणाम भुगतने को तैयार रहें।

इस मुद्दे को लेकर अब ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को घेरना शुरू कर दिया है। विधायक ने बिजली कंपनी के जिला मुख्यालय में पदस्थ ईडी टी के मेश्राम से मोबाइल में संपर्क कर पूछा की क्या खुज्जी विस क्षेत्र में इंसान नहीं रहते हैं और यदि आप मानते हैं कि यहां इंसान रहते हैं तो आपकी कंपनी व आपके अफसर इस क्षेत्र की जनता से अमानवीय व्यवहार क्यों कर रहे हैं।

गांव-गांव हाहाकार की स्थिति

कुदुरघोडा के चंद्रप्रकाश दखने व विचारपुर के कबीर फुलकौरे, आमाटोला के जसवंत साहू, कौडूटोला के उदेराम साहू, जादूटोला के उदय प्रकाश यादव ने बताया कि पूरे दिन में 35 से 40 बार बिजली गुल हो रही है। बिजली गुल व लो वोल्टेज की समस्या के निदान के लिए जहां सत्ता पक्ष से जुड़े कांग्रेस के नेता व पदाधिकारी जहां गांधीगिरी कर व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं वही विपक्ष के प्रतिनिधि अल्टीमेटम व ज्ञापन सौंपकर बिजली कंपनी से व्यवस्था को बहाल करने की मांग कर रहे हैं।

ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी बिजली कंपनी के अधिकारियों को गुलदस्ता व फूल भेंटकर बिजली आपूर्ति को नियमित करने की मांग कर रहे हैं। वहीं भाजपा के पदाधिकारी बिजली अधिकारियों को ज्ञापन सौपकर उन्हें चेतावनी दे रहे हैं।

Exit mobile version