Site icon

CG : स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले में शुरू हुआ जागरूकता पखवाड़ा

final logo copy

 दीवार लेखन से स्वच्छता का संदेश

बलौदाबाजार, कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री दिव्या अग्रवाल के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों को ओडीएफ प्लस मॉडल बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इस मुहिम के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जिले की सभी जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों में सघन दीवार लेखन का कार्य युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है।


इसके तहत सार्वजनिक स्थानों, पंचायत भवनों और प्रमुख चौराहों की दीवारों पर आकर्षक व ज्ञानवर्धक स्लोगन लिखकर आम नागरिकों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण परिवेश को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाया जा सके। यह विशेष जागरूकता पखवाड़ा 1 जून से 15 जून तक पूरे जिले में संचालित किया जा रहा है। इस 15 दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सूखे और गीले कचरे के सही निपटान, प्लास्टिक के सीमित उपयोग और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों के प्रति संवेदनशील बनाना है।

इस पखवाड़े के दौरान केवल दीवार लेखन ही नहीं, बल्कि विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से सीधे ग्रामीणों से संवाद साधा जा रहा है। इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वसहायता समूहों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि स्वच्छता की यह अलख हर घर तक पहुंचे और जिला पूर्ण रूप से स्वच्छ और सुंदर नजर आए।

Exit mobile version