Site icon

राजनांदगांव : अब तक बरगा के 3500 घरों में लगा चुके सोलर संयंत्र…

राजनांदगांव : अब तक बरगा के 3500 घरों में लगा चुके सोलर संयंत्र…

राजनांदगांव : अब तक बरगा के 3500 घरों में लगा चुके सोलर संयंत्र…

राजनांदगांव , जिले के ग्राम बरगा में बुधवार को आयोजित सूर्यसभा में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने ग्रामीणों से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने और गांव को शत-प्रतिशत सोलर गांव बनाने का आह्वान किया। कलेक्टर ने कहा कि बरगा गांव ने जल संरक्षण, स्वच्छता और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर अपनी अलग पहचान बनाई है। अब प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के जरिए गांव ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

उन्होंने बताया कि जिले में अब तक लगभग 3500 घरों में सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे अधिकतर उपभोक्ताओं के बिजली बिल शून्य या 80 प्रतिशत तक कम हो गए हैं। ग्राम बरगा की सरिता सोनवानी ने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल हर माह 1,200 से 1,500 रुपए तक आता था। जनवरी में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र लगवाने के बाद उनका बिल समाप्त हो गया है। अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजी जा रही है, जिसका लाभ उन्हें मिल रहा है। सरपंच विनोद कुमार कंवर ने बताया कि सोलर संयंत्र लगने से पहले उनका मासिक बिजली बिल 2,000 से 2,500 रुपए तक आता था। संयंत्र स्थापित होने के बाद मई माह में उनका बिजली बिल 117 रुपए ऋणात्मक दर्ज हुआ। उन्होंने कहा कि अब वे केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि बिजली उत्पादक भी बन गए हैं।

तीन किलोवाट पर 1.08 लाख रुपए तक सब्सिडी अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत एक किलोवाट सोलर संयंत्र पर केंद्र और राज्य सरकार मिलाकर 45 हजार रुपए, 2 किलोवाट पर 90 हजार रुपए तथा 3 किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर 1.08 लाख रुपए तक की सब्सिडी दी जा रही है। सोलर संयंत्र की लागत तीन से चार वर्षों में वसूल हो जाती है, जिसके बाद उपभोक्ताओं को लंबे समय तक मुफ्त बिजली का लाभ मिलता है। अतिरिक्त बिजली बेचकर आय अर्जित करने की सुविधा भी उपलब्ध है। सूर्यसभा में जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Exit mobile version