Site icon

जशपुर के प्राकृतिक वातावरण में सरना एथनिक रिजॉर्ट के कर्मचारियों और पर्यटकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

CG : जशपुर के प्राकृतिक वातावरण में सरना एथनिक रिजॉर्ट के कर्मचारियों और पर्यटकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

CG : जशपुर के प्राकृतिक वातावरण में सरना एथनिक रिजॉर्ट के कर्मचारियों और पर्यटकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
रायपुर,

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के सरना एथनिक रिजॉर्ट, जशपुर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रकृति की मनोरम छटा और शांत वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में रिजॉर्ट के कर्मचारियों एवं पर्यटकों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए योग के महत्व को आत्मसात किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाएं कर शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। हरियाली से आच्छादित प्राकृतिक परिवेश में योगाभ्यास करते हुए सभी प्रतिभागियों ने ऊर्जा, सकारात्मकता और आत्मिक शांति का अनुभव किया।


योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली एक प्राचीन भारतीय जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है। योग के माध्यम से न केवल शारीरिक क्षमता में वृद्धि होती है, बल्कि मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास भी मजबूत होता है।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी कर्मचारियों और पर्यटकों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से योग विषयक पुस्तक भेंट की गई। यह  प्रतिभागियों को योग के प्रति निरंतर जागरूक और प्रेरित रखने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रहा।


इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा अपने परिवार और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। सरना एथनिक रिजॉर्ट में आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य, प्रकृति और भारतीय संस्कृति के सुंदर समन्वय का प्रतीक बना।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि “स्वस्थ मन, स्वस्थ शरीर और स्वस्थ जीवन” के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है। जशपुर की प्राकृतिक वादियों में संपन्न यह कार्यक्रम प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायी और अविस्मरणीय अनुभव साबित हुआ।

Exit mobile version