Site icon

दिव्यांगजनों के लिए वरदान साबित हुआ बगीचा का विशेष शिविर, 368 हितग्राही हुए लाभान्वित …

दिव्यांगजनों के लिए वरदान साबित हुआ बगीचा का विशेष शिविर, 368 हितग्राही हुए लाभान्वित ...

दिव्यांगजनों के लिए वरदान साबित हुआ बगीचा का विशेष शिविर, 368 हितग्राही हुए लाभान्वित ...

प्रमाणीकरण, यूडीआईडी कार्ड, पेंशन एवं सहायक उपकरणों की सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलीं

रायपुर : जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड में दिव्यांगजनों की सुविधाओं को आसान और सुलभ बनाने के उद्देश्य से 24 जून 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा में दिव्यांग प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी कार्ड शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

    शिविर के दौरान कुल 368 दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया गया। यहां दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा यूडीआईडी कार्ड के नवनिर्माण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया संपन्न की गई। साथ ही दिव्यांग पेंशन, सहायक उपकरण प्रदाय तथा दिव्यांग ऋण योजनाओं के लिए पात्र हितग्राहियों से आवेदन भी प्राप्त किए गए।
    शिविर में ग्राम रौनी रोड कुरुमकेला, बगीचा की 88 वर्षीय सालो देवी को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया, जिससे उन्हें सुनने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी। इसके अलावा दो दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग संबंधी जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया।
    शिविर में 192 दिव्यांगजनों का यूडीआईडी कार्ड के लिए चिन्हांकन एवं पंजीयन किया गया, जबकि लगभग 50 दिव्यांगजनों ने दिव्यांग पेंशन और दिव्यांग ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

    इस अवसर पर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपदेव कश्यप, उप संचालक समाज कल्याण धर्मेंद्र कुमार साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बगीचा सहित समाज कल्याण विभाग एवं जनपद पंचायत बगीचा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
    शिविर के सफल आयोजन से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर प्रमाणीकरण, पहचान पत्र एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी और लाभ प्राप्त हुआ, जिससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हुआ।

Exit mobile version