Site icon

CG : जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक संपन्न, निवेश प्रस्तावों के त्वरित निराकरण के निर्देश …

CG: Another murder incident in Mandir

धमतरी । कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला निवेश प्रोत्साहन समिति (डीआईपीबी) की बैठक जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने तथा निवेशकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सिंगल विंडो सिस्टम (एसडब्ल्यूएस) पोर्टल पर लंबित ऑनलाइन प्रकरणों की स्थिति का अवलोकन करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि आबंटन संबंधी प्रक्रियाओं में तेजी लाने तथा निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में जिले में प्रस्तावित नवीन औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्र आधारित परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक अनुमतियों, आधारभूत अधोसंरचना तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिले में निवेश स्थापित करने के इच्छुक उद्यमियों एवं निवेशकों को प्राथमिकता के आधार पर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाए, जिससे निवेश प्रस्तावों का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

बैठक के दौरान इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन की स्थापना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शासकीय कार्यालय परिसरों में उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस संबंध में संभावनाओं का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने पर सहमति व्यक्त की गई।

बैठक के अंत में महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र धमतरी द्वारा उपस्थित सभी सदस्यों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।

Exit mobile version