रायपुर । अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रायपुर रेल मंडल के सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य पूरा हो गया है। करीब 19.94 करोड़ रुपये की लागत से दोनों स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। अब यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
स्टेशनों पर आकर्षक प्रवेश द्वार, चौड़े फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, प्लेटफॉर्म शेड, कोच गाइडेंस डिस्प्ले सिस्टम, डिजिटल साइनेज, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और आधुनिक प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
दिव्यांगजनों के लिए रैंप, आरक्षित पार्किंग, लो-हाइट टिकट काउंटर, दिव्यांग-अनुकूल शौचालय, व्हीलचेयर और पेयजल की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
पुनर्विकास पर सरोना स्टेशन में 13.57 करोड़ रुपये और बालोद स्टेशन में 6.37 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। परियोजना के तहत स्थानीय कला और संस्कृति को भी स्टेशन के डिजाइन में शामिल किया गया है।साथ ही गार्डन, सर्कुलेटिंग एरिया, चौड़ी पहुंच सड़कें और सुव्यवस्थित पार्किंग का विकास किया गया है।
रायपुर रेल मंडल में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित 15 स्टेशनों में से अब तक भिलाई, उरकुरा, भानुप्रतापपुर, सरोना और बालोद का पुनर्विकास पूरा हो चुका है, जबकि 10 स्टेशनों पर काम जारी है। उधर, रायपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य अभी पूरा नहीं हो सका है।
रेलवे का मानना है कि इन आधुनिक सुविधाओं से यात्रियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित और सुगम होगी तथा छोटे स्टेशनों को भी बड़े रेलवे स्टेशनों जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।

