Site icon

कलेक्टर ने लाईवलीहुड कॉलेज का किया औचक निरीक्षण

final-logo-copy.web

पटवारी प्रशिक्षण हेतु आवश्यक व्यवस्था, सड़क निर्माण व कम्प्यूटर खरीद सहित दिए अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश

अम्बिकापुर , कलेक्टर अजीत वसंत ने गुरुवार को अम्बिकापुर में जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महाविद्यालय में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, पंजीकृत प्रशिक्षण प्रयोगशालाओं (लैब्स), सेमीनार हॉल, संगीत महाविद्यालय सहित अन्य उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर वसंत ने आगामी पटवारी प्रशिक्षण को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण कक्षों में पर्याप्त बैठक व्यवस्था एवं सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लाईवलीहुड कॉलेज तक आवागमन को सुगम बनाने के लिए रिंग रोड से महाविद्यालय परिसर तक डामर सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने महाविद्यालय भवन का अवलोकन करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सीपेज ठीक कराने कहा, वहीं उन्होंने संगीत महाविद्यालय भवन निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने लाईवलीहुड कॉलेज में आयोजित आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रशिक्षणार्थियों के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास मद से भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महाविद्यालय के सेमीनार हॉल के निर्माण एवं उन्नयन संबंधी कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

उन्होंने रिटेल सेल्स प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हितग्राहियों के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त रोजगारोन्मुखी क्षेत्रों एवं प्रतिष्ठानों का चयन कर प्लेसमेंट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए), जिला प्रशासन द्वारा आयोजित परीक्षाओं तथा अन्य भर्ती परीक्षाओं के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से अतिरिक्त कम्प्यूटर सिस्टम क्रय करने हेतु आवश्यक राशि की मांग का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा। ताकि प्रशिक्षण गतिविधियों, परीक्षा संचालन एवं संस्थान की आधारभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिला रोजगार अधिकारी ललित पटेल,लाइवलीहुड कॉलेज के प्राचार्य गिरीश गुप्ता, संगीत महाविद्यालय के प्राचार्य जसिंता लकड़ा उपस्थित रहे।

Exit mobile version