Site icon

CG : कोरबा में आवारा कुत्तों का आतंक, हमले में मासूम की मौत; निगम ने पकड़े 15 कुत्ते …

CG : कोरबा में आवारा कुत्तों का आतंक, हमले में मासूम की मौत; निगम ने पकड़े 15 कुत्ते …

CG : कोरबा में आवारा कुत्तों का आतंक, हमले में मासूम की मौत; निगम ने पकड़े 15 कुत्ते …

कोरबा । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आवारा कुत्तों के हमले में एक मासूम की मौत से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। रथयात्रा पर्व की शाम दादर खुर्द क्षेत्र में आवारा कुत्तों ने बच्चे पर हमला कर दिया, जिससे उसकी गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, दादर खुर्द निवासी किशोर पटेल के पुत्र पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे के शरीर पर कई जगह गहरे जख्म कर दिए। गंभीर हालत में उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा शहर के कई इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ये कुत्ते राहगीरों का पीछा करने के साथ ही कई बार हमला कर देते हैं। इसके कारण लोगों को चोट लगने, वाहन दुर्घटनाओं और रेबीज संक्रमण का खतरा बना रहता है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान चलाकर दादर खुर्द क्षेत्र से 15 से अधिक आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। निगम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की बात कही है।

नगर निगम महापौर संजू देवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पांडेय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। निगम आयुक्त ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए परिवार को मानवीय आधार पर एक लाख रुपये की अनुग्रह सहायता देने की जानकारी दी।

घटना के बाद शहर में आवारा कुत्तों की रोकथाम को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों ने निगम से नियमित अभियान चलाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Exit mobile version