दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में करोड़ों रुपये के लौह स्क्रैप और ऑस्ट्रेलियन कोक की चोरी के हाई-प्रोफाइल मामले में अब केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने भी कड़ा कदम उठाया है। प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद सीआईएसएफ के सात जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। हालांकि सीआईएसएफ के स्थानीय अधिकारियों ने निलंबन की पुष्टि की है, लेकिन इस पर कोई आधिकारिक बयान या विस्तृत टिप्पणी जारी नहीं की गई है। माना जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई हाल ही में उजागर हुए बड़े पैमाने पर स्क्रैप और कोक चोरी के सिंडिकेट से जुड़ी हुई है।
करोड़ों के इस घोटाले के खुलासे के बाद बीएसपी प्रबंधन ने आंतरिक जांच बिठाई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर महाप्रबंधक (GM) हिमांशु भूषण मलिक, इंजीनियर एसोसिएट मनोज कुमार देवांगन और नॉन-एग्जीक्यूटिव धनंजय वर्मा को निलंबित किया गया था। विभागीय जांच के दायरे में आने के बाद दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जीएम हिमांशु भूषण मलिक और इंजीनियर मनोज कुमार देवांगन को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

