राजनांदगांव , मोहारा के वाटर फिल्टर प्लांट में बड़ा हादसा टल गया। मंगलवार रात यहां फिल्टर के वर्क के दौरान क्लोरिन गैस का रिसाव हो गया। गैस का रिसाव इतना तेज था कि आसपास हड़कंप मच गया। फायर बिग्रेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जिन्होंने क्लोरीन गैस के सिलेंडर को पास मौजूद दूसरी पानी की टंकी में डालकर गैस का रिसाव रोका।
फिल्टर प्लांट के कर्मचारियों ने बताया कि क्लोरिन गैस सिलेंडर में रखी हुई है। जिसमें एक सिलेंडर का नट ढीला होकर खुल गया। इससे गैस तेजी से फैलने लगा। हालांकि समय रहते इसे नियंत्रित करने से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। बारिश और नमी की वजह से भी गैस ने नुकसान नहीं किया। इधर घटना की सूचना के बाद महापौर मधुसूदन यादव फिल्टर प्लांट पहुंचे।
उन्होंने प्लांट का संचालन करने वाली कंपनी के कर्मचारियों से चर्चा की। उन्हें समझाइश दी कि संवेदनशील प्लांट में सावधानी बरतते हुए व्यवस्था सुदृढ़ रखें। जिससे किसी प्रकार की अप्र्रिय स्थिति निर्मित न हो। प्लांट कर्मियो की सजगता से स्थिति सामान्य हुई।

