राजनांदगांव , नगर निगम के नियमित अधिकारी-कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने से आर्थिक परेशानी बढ़ गई है। मई और जून का वेतन अब तक जारी नहीं हुआ है, जबकि जुलाई भी समाप्त होने वाला है। इसी मुद्दे सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर नवयुक्त अधिकारी- कर्मचारी कल्याण संघ के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव को ज्ञापन सौंपा।
संघ ने बताया कि नियमित कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने के साथ ही पदोन्नति, लंबित एनपीएस राशि जमा करने, नियमानुसार 14 प्रतिशत नियोजक अंशदान, पदोन्नति के लिए सेटअप स्वीकृति, पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ तथा सातवें वेतनमान के एरियर जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं।
इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक व मानसिक परेशानी हो रही है। महापौर मधुसूदन यादव ने इन मांगों पर शासन स्तर पर आवश्यक पहल करने और सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। संघ के प्रतिनिधिमंडल में संभागीय उपाध्यक्ष राकेश ठाकुर, जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद कंवर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

