राजनांदगांव , ग्राम पंचायत तुमड़ीबोड़ को नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग तेज हो गई है। कांग्रेस के युवा नेता आकाश जैन ने राज्य सरकार से जल्द घोषणा करने की मांग की है। आकाश जैन ने कहा कि तुमड़ीबोड़ अब सिर्फ ग्राम पंचायत नहीं रहा। यह आसपास के दर्जनों गांवों का प्रमुख केंद्र बन चुका है। आकाश जैन ने कहा कि आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग रोजमर्रा के काम, बाजार, जरूरत के दूसरे कामों के लिए तुमड़ीबोड़ आते हैं।
क्षेत्र में गतिविधियां बढ़ रही हैं। भविष्य की जरूरतें भी बढ़ रही हैं। ऐसे में नगर पंचायत का दर्जा जरूरी है। तुमड़ीबोड़ की भौगोलिक स्थिति अहम है। आसपास के ग्रामीण इलाकों से नजदीकी भी है। दर्जनों गांवों के हजारों लोगों का यहां नियमित आना-जाना रहता है। नगर पंचायत बनने पर फायदा सिर्फ तुमड़ीबोड़ तक सीमित नहीं रहेगा। आसपास के ग्रामीण इलाकों की बड़ी आबादी को भी सुविधा मिलेगी।
आकाश ने कहा कि नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। विकास व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा। सड़क, नाली, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, दूसरी नागरिक सुविधाओं पर नगरीय निकाय स्तर पर योजनाबद्ध काम हो सकेगा।

