राजनांदगांव नगर निगम के विभागों में अब फाइलों के कामकाज को व्यवस्थित और समयबद्ध करने पर जोर दिया जा रहा है। निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने शुक्रवार को निगम सभागृह में सभी विभागों के अफसरों और कर्मचारियों की बैठक लेकर विभागीय नस्तियां ई-ऑफिस के माध्यम से प्रस्तुत करने और फाइलों का चरणबद्ध तरीके से निराकरण करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा सभी विभाग कार्यों की प्राथमिकता तय कर समय सीमा में निराकरण करे। किसी भी पत्र या फाइल को बिना वजह लंबित नहीं रखा जाए। शासन से जारी परिपत्रों और नीतिगत निर्देशों का प्राथमिकता से पालन करने के साथ संबंधित दस्तावेजों को गार्ड फाइल में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। शासन के निर्देशों को केवल पढ़ने के बजाय उनकी मूल भावना को समझकर कार्रवाई की जाए। इसके बाद नियमानुसार नोटशीट तैयार कर फाइल को संबंधित स्तर पर भेजा जाए। नोटशीट में लिपिक, अधिकारी और संबंधित विभाग का स्पष्ट उल्लेख करने को भी कहा गया है, ताकि फाइल के निराकरण में किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता, स्वास्थ्य अधिकारी, कार्यालय अधीक्षक, विभिन्न विभागों के अफसर और कर्मचारी मौजूद रहे। अब सभी विभागों की नस्ती ई-फाइल में: आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निगम के सभी विभागीय काम ई-ऑफिस के माध्यम से किए जाने हैं। सभी विभागों से संबंधित नस्तियां ई-फाइल के जरिए प्रस्तुत की जाएंगी। ऐसी फाइलें जिनमें उच्च स्तर पर अवलोकन जरूरी है, उन्हें कार्यालय अधीक्षक के माध्यम से प्रस्तुत करने कहा गया है।

