तुमड़ीबोड़ , आयुष विभाग राजनांदगांव ने मंगलवार को ग्राम पंचायत परिसर टप्पा (तेलीटोला) में विकासखंड स्तरीय निशुल्क आयुष स्वास्थ्य शिविर लगाया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार निशुल्क औषधियों का वितरण किया।
स्त्री रोग, बाल रोग, उदर रोग, चर्म रोग सहित विभिन्न रोगों से संबंधित चिकित्सा परामर्श के साथ एनसीडी स्क्रीनिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। बच्चों के लिए स्वर्ण प्राशन संस्कार, ग्रामीणों के लिए निशुल्क आयुष काढ़ा वितरण, योग परामर्श तथा स्वस्थ जीवनशैली, आहार-विहार एवं आयुर्वेदिक दिनचर्या के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। स्वर्ण प्राशन से 228, आयुर्वेद चिकित्सा से 361, होम्योपैथी से 73 तथा एनसीडी स्क्रीनिंग से 46 हितग्राही लाभान्वित हुए।
विभिन्न आयुष व स्वास्थ्य सेवाओं को मिलाकर शिविर से कुल 708 मरीज एवं हितग्राही लाभान्वित हुए। शिविर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. हर्ष कुमार, डॉ. शोबी खान, डॉ. अनमोल गुप्ता, डॉ. आलोक कल्चुरी, फार्मासिस्ट फिरोज खान, संजय सिंह, अलख राम सिन्हा, टीनू दीवान, औषधालय सेवक सोमकांत चंद्राकर आदि मौजूद रहे।

