– नक्शा बटांकन की प्रगति 15 दिवस में 80 प्रतिशत तक पूर्ण करने के दिए निर्देश
– स्वामित्व योजना के लंबित कार्य माह के अंत तक पूर्ण करने कहा
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने छुरिया तहसील अंतर्गत पटवारी कार्यालय बम्हनी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटवारी कार्यालय में संचालित राजस्व संबंधी कार्यों एवं अभिलेखों का अवलोकन किया तथा नक्शा बटांकन, स्वामित्व योजना, डिजिटल गिरदावरी सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने नक्शा बटांकन कार्य की समीक्षा करते हुए इसकी प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले 15 दिवस के भीतर नक्शा बटांकन का कार्य कम से कम 80 प्रतिशत तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने संबंधित राजस्व अमले को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि स्वामित्व योजना से संबंधित समस्त लंबित कार्य माह के अंत तक पूर्ण कर लिए जाए। कलेक्टर ने पुराने एवं जीर्ण-शीर्ण राजस्व नक्शों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ऐसे नक्शों की सूची तैयार कर रोस्टर बनाने तथा जिला स्तर से नए नक्शे तैयार कराए जाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि राजस्व संबंधी कार्यों एवं आम नागरिकों के प्रकरणों के निराकरण में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
कलेक्टर ने डिजिटल गिरदावरी सहित अन्य राजस्व कार्यों की भी समीक्षा की तथा राजस्व अमले को अभिलेखों को अद्यतन रखने, लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने एवं आम नागरिकों को राजस्व सेवाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों से पटवारी की नियमित उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली के संबंध में अभिमत लिया। ग्रामीणों ने बताया कि पटवारी नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहती हैं तथा उनका कार्य संतोषजनक है।

