Site icon

राजनांदगांव : कलेक्टर ने लोक सेवा केन्द्र बम्हनी का किया निरीक्षण

राजनांदगांव : कलेक्टर ने लोक सेवा केन्द्र बम्हनी का किया निरीक्षण

राजनांदगांव : कलेक्टर ने लोक सेवा केन्द्र बम्हनी का किया निरीक्षण

– एग्रीस्टैक के शेष 70 पंजीयन तत्काल पूर्ण करने के निर्देश
– आधार अद्यतन के लिए शिविर आयोजित करने कहा, पीएम सूर्यघर योजना का लाभ लेने ग्रामीणों से की अपील
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने छुरिया विकासखंड अंतर्गत लोक सेवा केन्द्र बम्हनी का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं तथा विभिन्न योजनाओं के पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने एग्रीस्टैक पंजीयन की समीक्षा की। लोक सेवा केन्द्र के ऑपरेटर डोमन कुमार ने बताया कि ग्राम में अब तक 900 से अधिक लोगों का एग्रीस्टैक पंजीयन पूर्ण हो चुका है तथा लगभग 70 लोगों का पंजीयन शेष है। उन्होंने बताया कि कई लोगों के आधार अद्यतन नहीं होने के कारण पंजीयन में विलंब हो रहा है। इस पर कलेक्टर ने ग्रामीणों की सुविधा के लिए आधार अद्यतन हेतु विशेष शिविर आयोजित करने तथा शेष सभी पात्र लोगों का एग्रीस्टैक पंजीयन तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने लोक सेवा केन्द्र में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत हो रहे पंजीयन की भी जानकारी ली। केन्द्र में अब तक 36 हितग्राहियों का पंजीयन किया जा चुका है। इस दौरान पंजीयन कराने पहुंची जयंती बाई से कलेक्टर ने चर्चा की तथा उन्हें पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत मिलने वाली सब्सिडी एवं अन्य लाभों के संबंध में जानकारी दी। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित अन्य ग्रामीणों से भी चर्चा कर उन्हें पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया तथा अधिक से अधिक संख्या में अपने घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराने की अपील की।


कलेक्टर ने ग्राम के अवध बिहारी, जिन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अपने घर में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराया है, से भी चर्चा की। उन्होंने सौर संयंत्र स्थापना के बाद बिजली बिल शून्य होने तथा योजना से प्राप्त लाभ के संबंध में उनका अभिमत लिया। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे सफल हितग्राहियों के अनुभवों से अन्य ग्रामीणों को भी योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाए।

Exit mobile version