खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। खाद्य सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “बने खाबो, बने रहिबो 2.0” विशेष अभियान के तहत 20 अगस्त 2026 को जिले के नर्मदा-गंडई क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अभियान की कार्रवाई अभिहित अधिकारी (DO, FSSAI) सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी (FSO, FSSAI) दीपक घृतलहरे द्वारा की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मेसर्स सिन्हा होटल का निरीक्षण किया। इस दौरान त्वरित जांच परीक्षण किट के माध्यम से बेसन के लड्डू की जांच की गई और गुणवत्ता परीक्षण के लिए उसका नमूना भी संकलित किया गया।
इसके बाद टीम ने मेसर्स कल्याण एजेंसी में जांच करते हुए चॉकलेट, कन्फेक्शनरी एवं मिठाई के कुल 6 सर्विलांस नमूने परीक्षण के लिए एकत्र किए। इन नमूनों की जांच के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों की स्थिति स्पष्ट होगी।
वहीं मेसर्स यादव होटल के निरीक्षण के दौरान संचालक को प्रतिष्ठान में आवश्यक साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।

