राजनांदगांव l राजनांदगांव रेंज आईजी अजय कुमार यादव ने जिला मोहला-मानप ुर-अंबागढ़ चौकी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, थानों और पुलिस कैंपों की कार्यप्रणाली का जायजा लेकर अधिकारियों को कानून व्यवस्था और जन सुरक्षा के प्रति सजग रहने के निर्देश दिए।
बैठक में आईजी यादव ने जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को लंबित अपराधों, मर्ग और शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित की राशि को तत्काल होल्ड या फ्रीज कराया जाए। साथ ही विवेचना की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान एसएसपी वायपी सिंह,डीएसपी नेहा पवार, रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप सहित अफसर मौजूद रहे।
थानों और पुलिस कैंप परवींडीह का जायजा: आईजी ने थाना मोहला और थाना खड़गांव का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्था और अभिलेखों की जांच की। इसके बाद वे दूरस्थ पुलिस कैंप परवींडीह पहुंचे, जहां तैनात जवानों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं पर चर्चा की। इस विषम परिस्थितियों में मुस्तैदी से काम कर रहे जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने उनकी कार्यप्रणाली की खुलकर सराहना भी की।

