मुंगेली। जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत साइबर सेल और चिल्फी पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब कोचिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 291 पाव देशी प्लेन शराब और बिक्री की रकम जब्त की है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई ग्राम बोड़तरा कला में की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम
बोड़तरा कला निवासी सुखनंदन जायसवाल अपनी पूजा जनरल किराना दुकान की परछी में बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब रखकर बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही साइबर सेल और थाना चिल्फी पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए रेड कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मौके पर संदिग्ध आरोपी सुखनंदन जायसवाल को हिरासत में लेकर गवाहों की मौजूदगी में दुकान और आसपास के स्थानों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पूजा जनरल किराना दुकान की परछी में रखी तीन बोरियों से बड़ी मात्रा में देशी प्लेन शराब बरामद हुई।
जांच में दो बोरियों में 100-100 पाव और एक बोरी में 91 पाव देशी प्लेन शराब मिली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 291 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी मात्रा 52.38 बल्क लीटर है, जब्त की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 23 हजार 280 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 300 रुपये नगद भी पुलिस ने बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी सुखनंदन जायसवाल पिता स्वर्गीय सेवाराम, उम्र 46 वर्ष, निवासी बोड़तरा कला थाना चिल्फी जिला मुंगेली के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक लोरमी माधुरी धिरही के नेतृत्व में साइबर सेल एवं थाना चिल्फी पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक रघुवीर लाल चंद्रा, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्रवाई को सफल बनाया।
ऑपरेशन बाज के तहत लगातार हो रही कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर जिले में नशे और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए “ऑपरेशन बाज” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस लगातार शराब कोचियों और नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार 1 जनवरी 2026 से 20 अगस्त 2026 तक जिले में अवैध शराब के खिलाफ कुल 302 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 308 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इस दौरान कुल 685.09 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 68 हजार 922 रुपये बताई गई है।
अभियान के तहत पुलिस ने अंग्रेजी शराब, देशी शराब और महुआ शराब के मामलों में कार्रवाई की है। इसमें अंग्रेजी शराब के एक मामले में 15.60 लीटर शराब जब्त की गई। वहीं देशी शराब के 276 मामलों में 279 आरोपियों से 480.68 लीटर शराब बरामद की गई। महुआ शराब के 25 मामलों में 28 आरोपियों से 188.81 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। इसके अलावा पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे 27 मोटरसाइकिल और एक चारपहिया वाहन को भी जब्त किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अवैध शराब बिक्री करने वालों और नशे के कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

