राजनांदगांव , महाराष्ट्रीयन तेली समाज की ओर से इस वर्ष चार दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव 4 से 7 सितंबर तक धूमधाम से मनाया जाएगा। समाज द्वारा आयोजित यह उत्सव 54वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। आयोजन के दौरान प्रतिमा स्थापना, पूजा-अर्चना, हवन, जन्मोत्सव और भव्य विसर्जन शोभायात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
समाज के युवा मंडल अध्यक्ष प्रकाश समरीत (पिंटू) और सचिव अभिषेक गिरेपुंजे ने बताया कि 4 सितंबर को शाम 7 बजे प्रतिमा स्थापना एवं आरती होगी। रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। 5 सितंबर को सुबह 9.30 बजे और शाम 7.30 बजे विशेष पूजा एवं आरती होगी। 6 सितंबर को सुबह 10.30 बजे हमालपारा शनि मंदिर रोड स्थित हनुमानजी मंदिर में हवन एवं आरती का आयोजन किया जाएगा। 7 सितंबर को दोपहर 3 बजे भव्य प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा हमालपारा स्थित शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए इंदिरा सरोवर पहुंचेगी, जहां प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इसके बाद स्वर्ग धाम लोहारपारा स्थित पंचमुखी हनुमानजी मंदिर में भोजली मिलन कार्यक्रम होगा।
हर घर हैं राधा-कृष्ण महाराष्ट्रीयन तेली समाज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की विशेष परंपरा है। समाज के अधिकतर घरों में राधा-कृष्ण की प्रतिमा विराजित की जाती है। नगर के मूर्तिकारों द्वारा मिट्टी से तैयार नंदलाला की आकर्षक प्रतिमा को बाजे-गाजे के साथ आगमन यात्रा निकालकर घरों में स्थापित किया जाता है। समाज अध्यक्ष राजेश (बंडू) समरीत, उपाध्यक्ष संतोष समरीत, सचिव चंद्रशेखर बावनकर, कोषाध्यक्ष चंद्रभूषण गायधनी, गजेंद्र लांबट, अरुण आंबिलकर, रमा देशमुख, प्रियंका कुरंजेकर और सचिव अंकिता आंबिलकर ने आयोजन में शामिल होने की अपील की है।

