Site icon

CG : कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में जी-राम जी योजना से पाटन के गांवों में विकास को रफ्तार, ₹25.57 लाख के कार्य मंजूर …

CG: Another murder incident in Mandir

उपरपोटे में स्कूल के दो अतिरिक्त कक्ष, सेलूद में दिव्यांगों के लिए बहु-कार्य शौचालय और अतिरिक्त कक्ष का होगा निर्माण; रोजगार के साथ तैयार होंगी उपयोगी परिसंपत्तियां

दुर्ग/पाटन। कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ-साथ स्थायी और उपयोगी परिसंपत्तियों के निर्माण को गति दी जा रही है। इसी क्रम में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (VB-G RAM G/जी-राम जी) योजना के तहत जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम उपरपोटे और सेलूद में विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल ₹25.57 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों से स्थानीय श्रमिकों को रोजगार के अवसर मिलने के साथ विद्यार्थियों, दिव्यांगजनों और ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उपरपोटे में स्कूल के दो अतिरिक्त कक्ष बनेंगे
ग्राम उपरपोटे के सामुदायिक सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। जिला पंचायत दुर्ग द्वारा जारी प्रशासनिक स्वीकृति आदेश के अनुसार दोनों कक्षों के लिए ₹7.09-₹7.09 लाख, कुल ₹14.18 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
स्वीकृत राशि में प्रत्येक कक्ष के लिए ₹1.38 लाख मजदूरी मद तथा ₹5.71 लाख सामग्री मद शामिल है। इस प्रकार दोनों कक्षों के निर्माण में कुल ₹2.76 लाख मजदूरी और ₹11.42 लाख सामग्री पर व्यय किया जाएगा। अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से विद्यालय में कक्षीय व्यवस्था मजबूत होगी। विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण मिलेगा तथा शिक्षण गतिविधियों के संचालन में भी सुविधा होगी।

सेलूद में दिव्यांगों के लिए बहु-कार्य शौचालय और अतिरिक्त कक्ष
इसी तरह ग्राम पंचायत सेलूद में जी-राम जी योजना के तहत ₹11.39 लाख के विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इनमें दिव्यांगों के लिए बहु-कार्य शौचालय निर्माण के लिए ₹4.30 लाख तथा अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए ₹7.09 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्र में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। विशेष रूप से दिव्यांगजनों के लिए सुविधाजनक शौचालय का निर्माण समावेशी ग्रामीण अधोसंरचना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। वहीं अतिरिक्त कक्ष निर्माण से संबंधित संस्था की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।

रोजगार के साथ गांव में बनेगी टिकाऊ परिसंपत्ति

जी-राम जी योजना के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ गांवों में ऐसी टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण किया जा रहा है, जिनका लाभ ग्रामीण समुदाय को लंबे समय तक मिल सके। उपरपोटे और सेलूद में स्वीकृत कार्य इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हैं। निर्माण कार्यों से स्थानीय पंजीकृत श्रमिकों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और दूसरी ओर स्कूल तथा ग्रामीण अधोसंरचना को आवश्यक सुविधाएं प्राप्त होंगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दुर्ग बजरंग कुमार दुबे ने बताया कि जी-राम जी योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ-साथ उपयोगी एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। उपरपोटे और सेलूद में स्वीकृत कार्यों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे तथा विद्यार्थियों, दिव्यांगजनों एवं ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्वक एवं समय-सीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
जनपद पंचायत पाटन द्वारा स्वीकृत कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version