राजनांदगांव , मकान बनाने लोन ढूंढ रहे किसान से 10 लाख रुपए की ठगी की गई है। वहीं किसान की 5 एकड़ जमीन भी आरोपियों ने फर्जी ढंग से बेच दी। मामले की शिकायत के बाद डोंगरगांव पुलिस ने 6 आरोपियों पर धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।
ग्राम दर्री निवासी पीड़ित किसान घनश्याम साहू ने पुलिस को बताया कि उसे नया मकान बनाने के लिए लोन की जरूरत थी। तभी उसके गांव के ही रोहन सिंह राजपूत ने उसे एक योजना में 25 लाख रुपए लोन दिलाने का दावा किया। लेकिन इसके लिए 10 लाख रुपए बतौर एडवांस देने की बात कही। इसके बाद किसान ने अलग-अलग किस्तों में आरोपी रोहन को रुपए बैंक खातों के माध्यम से दिए।
इसी दौरान आरोपी ने लोन के लिए जमीन गिरवी रखने की बात कही। किसान के 5 एकड़ खेत को गिरवी रखने तहसील में दस्तावेज तैयार किए। जिसमें आरोपियों ने फर्जी पॉवर ऑफ अटार्नी बनाकर उक्त जमीन देविका देवांगन के नाम पर रजिस्ट्री कर दी। पूरे धोखाधड़ी में मिथलेश, अनिल देवांगन, राहुल राजपूत, तारेश देवांगन भी शामिल रहे।
पावर ऑफ अटार्नी से बढ़ रहे धोखाधड़ी के मामले ग्रामीण इलाकों में किसानों की जमीन के पॉवर आफ अटार्नी बनाकर फर्जी ढंग से बिक्री के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जमीन दलाल और लोन एजेंट इनमें शामिल हैं। बीते तीन सालों में ऐसे 40 से अधिक मामले सामने आए हैं। जिसमें केस दर्ज किया गया है। पॉवर आफ अटार्नी के बाद किसानों के जमीन बगैर सूचना के आसानी से बेच दी जा रही है।

