Site icon

दुर्ग : जिले में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण हेतु मूल्यांकन शिविर

final-logo-copy.web

जिले में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण हेतु मूल्यांकन शिविर

दुर्ग, /जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग दुर्ग के सहयोग से एग्रीकल्चर इन्श्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (एआईसी) के सीएसआर योजनांतर्गत तथा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), जबलपुर के माध्यम से जिले के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण प्रदान करने हेतु मूल्यांकन, परीक्षण एवं चिन्हांकन शिविर आयोजित किया जाएगा।
उप संचालक समाज कल्याण से प्राप्त जानकारी अनुसार शिविरों का आयोजन 6 सितंबर को भक्त माता कर्मा सांस्कृतिक भवन लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय के पास सुपेला भिलाई में होगा, जिसमें नगर पालिक निगम दुर्ग, भिलाई, जनपद पंचायत दुर्ग के समस्त ग्राम पंचायत शामिल होंगे। सुपेला में 7 सितंबर को मंगल भवन, नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा के पीछे होगा, जिसमें नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा, नगर पालिका परिषद कुम्हारी, जामुल, अहिवारा, नगर पंचायत धमधा एवं जनपद पंचायत धमधा के समस्त ग्राम पंचायत शामिल होंगे। इसी प्रकार 8 सितंबर को नगर पालिक निगम रिसाली सभागार में होगा, जिसमें नगर पालिका निगम रिसाली, नगर पंचायत पाटन, जनपद पंचायत पाटन के समस्त ग्राम पंचायत, नगर पालिका परिषद अमलेश्वर एवं नगर पंचायत उतई के क्षेत्र सम्मिलित होंगे। शिविर का समय प्रातः 10 बजे से शाम 4.30 बजे तक रहेगा।
इन शिविरों में संबंधित नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों के पात्र दिव्यांगजन और वरिष्ठजन शामिल हो सकेंगे। सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए पात्र हितग्राहियों का परीक्षण एवं चिन्हांकन किया जाएगा।हितग्राहियों को शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र एवं वर्तमान पासपोर्ट साइज फोटो की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को शिविर तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राही इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठा सकें।

::000::

Exit mobile version