राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्रॉपर्टी डीलर की उसके ही दोस्त ने हत्या कर दी। दोनों के बीच उधार के पैसों और प्रॉपर्टी से जुड़े लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी ने पहले फोन कर दोस्त को अपने किराए के मकान पर बुलाया और फिर विवाद बढ़ने पर डंडे से हमला कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी ने शव को चादर में लपेटकर कमरे में छिपा दिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला तोड़ा तो अंदर प्रॉपर्टी डीलर का शव बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पूरा मामला चिखली चौकी क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, मोतीपुर रामनगर निवासी अर्जुन वाधवानी (30) प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। बुधवार रात 2 सितंबर को उसके दोस्त सुनील वर्मा (30) ने फोन कर उसे अपने किराए के मकान पर बुलाया था। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से पैसों के लेनदेन और प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि अर्जुन ने सुनील की बाइक अपने पास रख ली थी। इसी बात को लेकर भी दोनों के बीच तनाव था। बुधवार रात कमरे में बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर सुनील ने डंडे से अर्जुन पर हमला कर दिया। हमले में अर्जुन के सिर पर गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने अर्जुन के शव को बेडशीट में लपेटकर कमरे के अंदर रख दिया और बाहर से ताला लगाकर वहां से निकल गया। बताया जा रहा है कि आरोपी शव को ठिकाने लगाने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस को मामले की जानकारी मिल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मकान बाहर से बंद था। पुलिस जब कमरे का ताला खोलने लगी तो आरोपी सुनील ने इसका विरोध किया। उसने पुलिस को गुमराह करते हुए कहा कि कमरे के अंदर कुछ नहीं है। लेकिन पुलिस को उसकी बातों पर शक हुआ।
इसके बाद पुलिस ने ताला तोड़कर कमरे के अंदर प्रवेश किया तो वहां अर्जुन का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से खून के निशान, फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। इसके अलावा क्राइम और साइबर टीम भी मामले की जांच में जुटी हुई है। राजनांदगांव के एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतक और आरोपी के बीच उधारी, प्रॉपर्टी डीलिंग और बाइक को लेकर विवाद की जानकारी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इन्हीं विवादों के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

