भगवान श्रीकृष्ण से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना
दुर्ग । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की तथा सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि धर्म, कर्तव्य और प्रेम का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो, यही उनकी प्रार्थना है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता का शाश्वत संदेश हमें धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाकर ही समृद्ध एवं संस्कारवान समाज का निर्माण किया जा सकता है।
विधायक चंद्राकर ने लक्ष्मी नगर रिसाली स्थित राधेश्वरी मंदिर, दशहरा मैदान रिसाली, भिलाई सेक्टर-6 स्थित इस्कॉन मंदिर, दुर्ग की महेश कॉलोनी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर तथा ग्राम थानौद में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
दशहरा मैदान रिसाली में नवयुवक गणेश उत्सव समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम एवं शोभायात्रा में भी विधायक शामिल हुए। वहीं महेश कॉलोनी में राधा-कृष्ण मंदिर समिति द्वारा आयोजित 21वें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव एवं भजन संध्या में उन्होंने सहभागिता की। ग्राम थानौद में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव एवं शोभायात्रा में बड़ी संख्या में यादव समाज के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।

